सरके चुनर’ विवाद में NCW के सामने पेश हुईं नोरा फतेही, मांगी माफी; कहा- अब ऐसे गानों में नहीं करूंगी काम


विवादित गाने ‘सरके चुनर’ को लेकर उठे विवाद के बीच अभिनेत्री नोरा फतेही गुरुवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के सामने पेश हुईं। आयोग ने गाने के बोलों को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ मानते हुए इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया था।
सुनवाई के दौरान नोरा फतेही ने आयोग के सामने माफी मांगते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में वह ऐसे किसी भी गाने या आइटम सॉन्ग में काम नहीं करेंगी, जिससे महिलाओं को लेकर गलत संदेश जाए।
महिलाओं की गरिमा पर आयोग की सख्ती
सुनवाई के दौरान विजया के. रहाटकर ने गाने के बोलों पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मनोरंजन के नाम पर महिलाओं की गरिमा से समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
आयोग का मानना है कि फिल्मों और गानों का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है, इसलिए कलाकारों, निर्माताओं और संगीत कंपनियों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
पिछली सुनवाई में वकील हुए थे पेश
बताया गया कि इससे पहले हुई सुनवाई में नोरा फतेही की ओर से केवल उनके वकील उपस्थित हुए थे। इसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने अभिनेत्री को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के निर्देश दिए थे।
गौरतलब है कि ‘सरके चुनर’ गाने को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी विवाद देखने को मिला था। कई संगठनों और लोगों ने गाने के बोलों को महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस
इस पूरे मामले के बाद सोशल मीडिया पर मनोरंजन जगत में महिलाओं की प्रस्तुति को लेकर एक नई बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग आयोग की कार्रवाई का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर भी देख रहे हैं।



