छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों को दिवाली से पहले DA बढ़ोतरी की उम्मीद, 2% महंगाई भत्ता एरियर सहित देने की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते (DA) को लेकर एक बार फिर मांग तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने राज्य सरकार से केंद्र के समान 2 प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ता एरियर सहित दीपावली से पहले जारी करने की मांग की है। इस संबंध में फेडरेशन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को पत्र भेजकर जल्द आदेश जारी करने की अपील की है।

केंद्र और राज्य के DA में 2 प्रतिशत का अंतर
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक एवं छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने सरकार को भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र की याद दिलाई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता एरियर सहित देने का वादा किया था।
फेडरेशन के अनुसार, वर्तमान में छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है, जबकि केंद्र सरकार की निर्धारित दर 60 प्रतिशत बताई गई है। ऐसे में राज्य के कर्मचारी और पेंशनर 2 प्रतिशत महंगाई भत्ते के अंतर को दूर करने की मांग कर रहे हैं।

महंगाई के बीच कर्मचारियों को राहत देने की मांग
फेडरेशन का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को परिवार के भरण-पोषण तथा दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार से पहले लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान एरियर सहित किया जाना चाहिए, ताकि कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिल सके।

मांग पूरी नहीं होने पर मंत्रालय घेराव की चेतावनी
फेडरेशन ने बताया कि 6 सितंबर को आयोजित प्रांतीय बैठक में दीपावली से पहले महंगाई भत्ता और एरियर जारी कराने के लिए शासन को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया था। साथ ही यह रणनीति भी बनाई गई थी कि यदि सरकार कर्मचारियों की मांग पर समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो फेडरेशन आंदोलन तेज करते हुए मंत्रालय घेराव करने के लिए बाध्य होगा।
फेडरेशन ने राज्य सरकार से कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द निर्णय लेने तथा लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ते का भुगतान एरियर सहित करने की मांग की है।

 

Related Articles

Back to top button