राजनांदगांव में गैस सिलेंडरों से चोरी का आरोप, एक सिलेंडर में 5 किलो गैस कम मिलने से मचा हड़कं

डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में घरेलू गैस सिलेंडरों से कथित तौर पर गैस निकालने का मामला सामने आया है। आदर्श नगर के वार्ड क्रमांक 20 में स्थानीय लोगों ने इंडियन गैस एजेंसी के चार डिलीवरी कर्मचारियों पर सिलेंडरों से गैस निकालकर दूसरे सिलेंडरों में भरने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और सिलेंडरों की जांच की। जांच के दौरान एक सिलेंडर में करीब 5 किलो गैस कम मिलने की बात सामने आई है। मामले में संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सिलेंडरों से गैस निकालने का आरोप, स्थानीय लोगों ने किया विरोध
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11 बजे पुरानी आरा मशीन के सामने स्थित खाली मैदान में गैस सिलेंडरों से गैस निकालने की गतिविधियां देखी गईं। स्थानीय लोगों को कर्मचारियों की गतिविधियों पर पहले से संदेह था। बुधवार को जब लोगों ने कर्मचारियों से पूछताछ की तो विवाद की स्थिति बन गई।
इसके बाद मारवाड़ी धर्मशाला के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने स्थानीय लोगों को एकत्र किया और प्रशासन को मामले की सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और सिलेंडरों की जांच की। जांच में एक सिलेंडर में निर्धारित मात्रा से करीब 5 किलो गैस कम मिलने की जानकारी सामने आई।
तीन महीने से मिल रही थीं कम गैस की शिकायतें
इस मामले में यह भी सामने आया है कि पिछले तीन महीने से उपभोक्ता सिलेंडरों में गैस कम मिलने की शिकायतें कर रहे थे। इंडियन गैस एजेंसी के प्रबंधक नवीन अंबादे के मुताबिक, हर महीने एक-दो उपभोक्ता इस तरह की शिकायत लेकर एजेंसी पहुंच रहे थे।
हालांकि, ठोस सबूत नहीं मिलने के कारण पहले कार्रवाई करना मुश्किल हो रहा था। अब मामले की जांच के बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
एजेंसी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि सिलेंडर लेते समय उसका वजन जरूर जांचें। यदि गैस की मात्रा में गड़बड़ी नजर आती है तो तत्काल एजेंसी को इसकी सूचना दें।
वाहन छोड़कर फरार होने की बात आई सामने
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मामला बढ़ने के बाद कुछ कर्मचारी अपने वाहन लेकर मौके से निकलने लगे। लोगों ने उनका पीछा किया। बताया गया कि महावीर मंदिर के पास स्थित पेट्रोल पंप पर वाहन छोड़ने के बाद कर्मचारी रेलवे पटरी पार कर फरार हो गए।
मामले में जिन चार कर्मचारियों के नाम सामने आए हैं, वे शिवराज, सुनील, सरवन और राम सिंह बिश्नोई बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, चारों राजस्थान के निवासी हैं। हालांकि, मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और संबंधित अधिकारियों की कार्रवाई के बाद ही होगी।
जांच प्रतिवेदन उच्च अधिकारियों को भेजा गया
डोंगरगढ़ के एसडीएम अक्षय दोषी ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाकर जांच प्रतिवेदन तैयार किया गया है। इसे जिले के उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सलाह: घरेलू गैस सिलेंडर लेते समय डिलीवरी कर्मचारी से वजन की जांच करवाएं। सिलेंडर में गैस कम होने का संदेह होने पर तुरंत गैस एजेंसी में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते मामले की जांच की जा सके।



