महादेव सट्टा केस में बड़ा खुलासा: दुबई-मॉरिशस-यूके के रास्ते भारत लौटती थी 450 करोड़ की ब्लैक मनी

रायपुर/नई दिल्ली। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को मनी लॉन्ड्रिंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ी बड़ी जानकारी मिली है। दिल्ली से गिरफ्तार कारोबारी विकास गर्ग से पूछताछ के दौरान एजेंसी ने खुलासा किया है कि महादेव सट्टा ऐप से हर महीने होने वाली करीब 450 करोड़ रुपये की अवैध कमाई को विदेशों के जरिए वैध निवेश का रूप देकर भारत वापस लाया जाता था।
ईडी के अनुसार, ऑनलाइन सट्टेबाजी से अर्जित काली कमाई को सीधे बैंकिंग सिस्टम में भेजने के बजाय पहले नकद के बदले फर्जी एंट्री के माध्यम से शेल (फर्जी) कंपनियों तक पहुंचाया जाता था। इसके बाद इस रकम को कई स्तरों पर घुमाकर विदेशी निवेश के रूप में भारत लाया जाता था।
दुबई बना मनी लॉन्ड्रिंग का सबसे बड़ा केंद्र
जांच एजेंसी के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क में दुबई सबसे अहम केंद्र था। यहां से रकम को मॉरिशस और यूनाइटेड किंगडम (यूके) स्थित कंपनियों में ट्रांसफर किया जाता था। बाद में इस धन को क्यूआईपी (QIP), एफपीआई (FPI), एफडीआई (FDI) और एफसीसीबी (FCCB) जैसे वैध निवेश माध्यमों के जरिए विकास गर्ग के नियंत्रण वाली सूचीबद्ध (Listed) और गैर-सूचीबद्ध (Unlisted) कंपनियों में विदेशी निवेश के रूप में भारत वापस भेजा जाता था।
अमेरिकी कंपनी में खरीदी 97.58% हिस्सेदारी
ईडी की जांच में यह भी सामने आया है कि अपराध से अर्जित धन का इस्तेमाल अमेरिका की प्रतिष्ठित कंपनी ईबिक्स इंक (Ebix Inc.) में 97.58 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए किया गया। इसके अलावा भारत और विदेशों में बड़ी मात्रा में शेयर, प्रतिभूतियां (Securities) और अचल संपत्तियां भी खरीदी गईं।
अब तक 4,000 करोड़ की संपत्ति कुर्क
महादेव सट्टा ऐप मामले में ईडी अब तक देश और विदेश में करीब 4,000 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क कर चुकी है। वहीं, 5 जून को विकास गर्ग और उनके परिजनों से जुड़ी 940.77 करोड़ रुपये मूल्य की वित्तीय और अचल संपत्तियों को भी अस्थायी रूप से जब्त किया गया था।
पूछताछ जारी, नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही ईडी
विकास गर्ग फिलहाल ईडी की रिमांड पर हैं। एजेंसी उनसे पूछताछ कर इस अंतरराष्ट्रीय मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, शेल कंपनियों और विदेशी निवेश चैनलों की भूमिका की जांच कर रही है। ईडी का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।



