छत्तीसगढ़ में 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट, रायपुर में भी बदलेगा मौसम

Raipur Weather Update: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की आशंका है। राजधानी रायपुर में भी 27 अक्टूबर को बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है चक्रवाती तूफान

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उससे सटे पूर्व-मध्य हिस्से में सक्रिय है। इसके 27 अक्टूबर तक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने और 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट पर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच पहुंचने का अनुमान है। तट के पास तूफान की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि हवा के झोंके 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 27 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

28-29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी

तूफान के प्रभाव से दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार को सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव और गरियाबंद के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

बीते 24 घंटे में मौसम रहा शुष्क

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान रायपुर में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, रायगढ़ में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button