दिवाली पर ट्रैफिक जाम से निपटने पुलिस का नया प्लान, गूगल मैप पर दिखेगी जाम की लोकेशन

Diwali Traffic Plan: दिवाली के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष तैयारी की है। व्यस्त बाजारों में जाम की लोकेशन गूगल मैप पर दिखाई जाएगी। इसके अलावा ड्रोन से भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी होगी और यातायात पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) भी तैनात रहेगी।

पार्किंग और वेंडर जोन की व्यवस्था

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने स्थानीय कारोबारियों के साथ बैठक की। इसमें पार्किंग और जाम की समस्या पर चर्चा हुई। पहले से निर्धारित ऑटो पार्किंग स्थलों को इस बार भी पार्किंग के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। दुकानदारों के स्टाफ और कर्मचारियों को भी इन्हीं स्थानों पर वाहन खड़े करने होंगे।

कुछ वेंडर जोन को खाली स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा। पुराना एडिशनल एसपी कार्यालय परिसर में भी वेंडर जोन बनाया जाएगा। नगर निगम की ओर से गॉस मेमोरियल ग्राउंड, पुराना नगर निगम कार्यालय, सीरत मैदान और हिंद स्पोर्ट्स ग्राउंड में स्थानीय वेंडर्स के लिए दिवाली बाजार की व्यवस्था की जाएगी।

दुकानों के बाहर सामान रखने पर रोक

दुकानदारों को अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखना होगा। सड़क पर अतिक्रमण कर सामान फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर ठेले नहीं लगवा सकेंगे। ठेले वालों से किराया वसूलने वालों पर भी कार्रवाई होगी।

CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी

डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल ने व्यापारियों से दुकानों के सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने और बाजार क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार सुरक्षा गार्ड तैनात करने की अपील की है। भीड़भाड़ वाले इलाकों पर ड्रोन से नजर रखी जाएगी। जाम की स्थिति से निपटने के लिए QRT भी तैयार रहेगी।

लोडिंग-अनलोडिंग का समय तय

बाजारों में सामान की लोडिंग-अनलोडिंग के लिए समय निर्धारित किया गया है। दुकानदारों को रात 11 बजे के बाद और सुबह 10 बजे से पहले यह काम पूरा करना होगा। वहीं, दुकानों में माल मंगाने के लिए रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक का समय तय किया गया है।

यातायात जाम की सूचना देने के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 94792-10632 जारी किया है। पुलिस का उद्देश्य दिवाली के दौरान बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखना और लोगों को जाम से राहत दिलाना है।

Related Articles

Back to top button