महासमुंद में सेवा सेतु पोर्टल पर शुरू होंगी 5 नई ऑनलाइन सेवाएं, घर बैठे कर सकेंगे आवेदन

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से पांच नई ऑनलाइन सेवाएं शुरू की जाएंगी। इससे नागरिकों को नलकूप खनन की अनुमति, स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) सहित अन्य कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
नई सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशिक्षण की तारीख, समय और स्थान निर्धारित कर जिला कार्यालय को जानकारी देने के साथ ही संबंधित कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है।
इन 5 सेवाओं का मिलेगा लाभ
सेवा सेतु पोर्टल पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की तीन, स्कूल शिक्षा विभाग की एक और पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग की एक सेवा जोड़ी जाएगी।
नई सेवाओं में नलकूप खनन की अनुमति के लिए ऑनलाइन आवेदन, निविदा स्वीकृति के बाद असफल ठेकेदारों की अमानत राशि वापस करने की प्रक्रिया और पेयजल स्रोतों के परीक्षण से जुड़ी सेवा शामिल हैं। इसके अलावा स्कूल शिक्षा विभाग के तहत स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) के लिए ऑनलाइन आवेदन और पशु रोग प्रकोप की जानकारी देने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
समय और श्रम की होगी बचत
नई ऑनलाइन सेवाएं शुरू होने से नागरिक घर बैठे आवेदन कर सकेंगे। इससे सरकारी कार्यालयों में आने-जाने की जरूरत कम होगी और समय की बचत होगी। वहीं, संबंधित विभागों की सेवाओं को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने से आवेदन प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।



