छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम, 28-29 अक्टूबर को बारिश के आसार; कई जिलों में तेज हवाओं की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में दिख सकता है असर

दक्षिण छत्तीसगढ़ के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

वहीं, रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बालोद, बेमेतरा और बलौदाबाजार सहित मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी बादल छाने, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच मौसम में बदलाव महसूस हो सकता है।

मौसम खराब होने पर बरतें सावधानी

गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी जाती है। तेज हवाएं चलने पर कमजोर ढांचों और होर्डिंग के आसपास खड़े होने से बचें।

Related Articles

Back to top button