672 मकानों के लिए लॉटरी, 1787 हितग्राही पात्र; बांसटाल-अमलीडीह में बनेंगे 100 नए आवास

रायपुर: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत रायपुर नगर निगम ने चार आवासीय परियोजनाओं में मकानों के आवंटन के लिए बुधवार को पात्र हितग्राहियों की मौजूदगी में लॉटरी निकाली। इन परियोजनाओं में कुल 672 मकानों के लिए लॉटरी प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें 1787 हितग्राही पात्र पाए गए हैं।
लॉटरी के दौरान लोक कर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल, अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर और सहायक अभियंता अमित बोस सहित निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
5841 आवेदन मिले, 1787 हितग्राही पात्र
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत भागीदारी में किफायती आवास (AHP) घटक के अंतर्गत शहर के 13 स्थानों पर 2616 मकानों के आवंटन के लिए नगर निगम ने 30 जून को विज्ञापन जारी किया था। आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित की गई थी।
निर्धारित अवधि में निगम को कुल 5841 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए। मकानों की संख्या की तुलना में आवेदन अधिक होने के कारण पात्र हितग्राहियों के क्रम निर्धारण के लिए लॉटरी का सहारा लिया गया। इसी प्रक्रिया के तहत चार परियोजनाओं में 672 मकानों के लिए लॉटरी निकाली गई, जिसमें 1787 हितग्राही पात्र पाए गए।
बांसटाल और अमलीडीह में बनेंगे 100 नए आवास
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत रायपुर में गरीब और कमजोर आय वर्ग के परिवारों के लिए 100 नए आवास बनाए जाएंगे। केंद्र सरकार की केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति ने भागीदारी में किफायती आवास (AHP) घटक के तहत बांसटाल और अमलीडीह की दो परियोजनाओं को मंजूरी दी है।
बांसटाल स्वीपर कॉलोनी स्लम पुनर्वास परियोजना के तहत 2 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से 40 आवास बनाए जाएंगे। वहीं अमलीडीह में 3 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से 60 आवासों का निर्माण किया जाएगा। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 5 करोड़ 56 लाख रुपये है।
जरूरतमंद परिवारों को मिलेगा पक्के आवास का लाभ
पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत रायपुर में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को किफायती पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न आवासीय परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। पहले से स्वीकृत परियोजनाओं में आवंटन के लिए लॉटरी प्रक्रिया पूरी की गई है। वहीं बांसटाल और अमलीडीह में नए आवासों की मंजूरी से योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने का दायरा और बढ़ेगा।



