महासमुंद में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 111 किलो गांजा जब्त; 7 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। छत्तीसगढ़-ओडिशा अंतर्राज्यीय सीमा पर गांजा तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन निश्चय के तहत थाना सिंघोड़ा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कंटेनर से 111.350 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 55 लाख 67 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के 3 और ओडिशा के 4 आरोपियों समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में गांजा परिवहन के लिए इस्तेमाल कंटेनर, पायलटिंग कार और 9 मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 5 लाख 9 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर की गई नाकेबंदी

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंटेनर वाहन क्रमांक RJ 14 GV 0484 में ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लाया जा रहा है। कंटेनर की पायलटिंग KIA Carens क्रमांक OD 11 AC 3003 से किए जाने की जानकारी भी मिली थी।

सूचना के आधार पर थाना सिंघोड़ा पुलिस और ANTF की टीम ने NH-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकेबंदी की। कुछ देर बाद टीम ने पहले पायलटिंग कार और उसके पीछे आ रहे कंटेनर को रोककर तलाशी ली।

पूछताछ में सामने आया तस्करी का मामला

पुलिस के मुताबिक, पायलटिंग कार में चार और कंटेनर में तीन लोग सवार थे। पूछताछ और तलाशी के दौरान कंटेनर में गांजा होने का खुलासा हुआ। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के रेडाखोल, जिला संबलपुर से लोड कर नागपुर (महाराष्ट्र) ले जाया जा रहा था।

तलाशी में कंटेनर से 111.350 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया।

ये 7 आरोपी गिरफ्तार

कंटेनर में सवार आरोपी:

  • इरफान अली (33), प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश
  • शिवम सिंह पाल (26), कानपुर देहात, उत्तर प्रदेश
  • आरिफ अली (23), प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश

पायलटिंग कार में सवार आरोपी:

  • सुजीत स्वाई (32), बौध, ओडिशा
  • मानस रंजन (40), बौध, ओडिशा
  • कृष्णचंद प्रधान (50), संबलपुर, ओडिशा
  • आनंद साहू (24), बौध, ओडिशा

1.05 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1,05,09,500 रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसमें करीब 55.67 लाख रुपये का गांजा, 40 लाख रुपये का कंटेनर, 8.50 लाख रुपये की KIA Carens और करीब 92 हजार रुपये कीमत के 9 मोबाइल फोन शामिल हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 116/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(C), 29(1) NDPS एक्ट में मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस गांजा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button