रायपुर में शादी समारोह मातम में बदला: तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से 4 साल के मासूम की मौत, मां गंभीर


रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के धरसीवां क्षेत्र के दौंदेकला गांव में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाईवा ने मां-बेटे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 4 साल के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
चूलमाटी रस्म के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, पूर्व उपसरपंच ढेलूराम वर्मा की पुत्री के विवाह समारोह में चूलमाटी रस्म चल रही थी। महिलाएं पैदल आगे बढ़ रही थीं, तभी अचानक तेज रफ्तार हाईवा वहां पहुंचा और मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और समारोह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मासूम की मौके पर मौत, मां की हालत नाजुक
स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को संभाला, लेकिन मासूम बच्चे को बचाया नहीं जा सका और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मां को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है।
ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के कारण गांव के भीतर से भारी वाहनों की लगातार आवाजाही होती है और वाहन अक्सर तेज रफ्तार में गुजरते हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
गुस्साए ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने, स्पीड कंट्रोल और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हाईवा चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।



