महतारी वंदन योजना में गड़बड़ी पर कलेक्टर का बड़ा एक्शन: 9 CSC ऑपरेटर्स पर कार्रवाई, अवैध वसूली पर सख्ती


जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी प्रक्रिया में गड़बड़ी और हितग्राहियों से अवैध वसूली की शिकायतों पर कलेक्टर रोहित व्यास ने बड़ा एक्शन लिया है। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने 9 सीएससी ऑपरेटर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
ई-केवाईसी के नाम पर वसूली की शिकायतें
जानकारी के अनुसार, महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों से ई-केवाईसी प्रक्रिया के नाम पर कुछ सीएससी ऑपरेटर्स द्वारा अवैध रूप से पैसे वसूले जा रहे थे। जबकि शासन के निर्देशानुसार यह प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क है।
कलेक्टर ने कहा कि यह न सिर्फ सरकारी आदेशों का उल्लंघन है, बल्कि जनकल्याणकारी योजना की छवि खराब करने वाला गंभीर कृत्य है।
इन 9 ऑपरेटर्स पर गिरी गाज
कार्रवाई की जद में आए ऑपरेटर्स में विनोद राम (बघिमा), श्यामल कुमार विश्वकर्मा (लोदाम), पंचराम गुप्ता (काडरो), कामेश्वर प्रसाद (पंडरीपानी), अजर कुमार गुप्ता (कुडकेलखजरी), रमेश्वर नायक (कोहपानी), शिवनारायण यादव (लरंगा), कुसुम प्रभा सिंह (सेमरकछार) और अरमान खान (गोरिया) शामिल हैं।
इन सभी के यूजर आईडी तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और पंजीयन निरस्त करने की अनुशंसा की गई है।
सभी CSC ऑपरेटर्स को चेतावनी
कलेक्टर ने जिले के सभी सीएससी संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि ई-केवाईसी के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि वसूली पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि भविष्य में कोई भी ऑपरेटर ऐसा करते पाया गया तो उसका केंद्र बंद कर दिया जाएगा और यूजर आईडी स्थायी रूप से निलंबित कर दी जाएगी।
SDM को जांच और औचक निरीक्षण के निर्देश
कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों और एसडीएम को संबंधित सीएससी केंद्रों की तत्काल जांच करने, ई-केवाईसी शिविरों का औचक निरीक्षण करने और हितग्राहियों के बयान लेने के निर्देश दिए हैं। दोषी पाए जाने पर केंद्र सील कर उपकरण जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर
कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के हित में चलाई जा रही महत्वपूर्ण योजना है और इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लाभार्थियों को सभी सेवाएं नि:शुल्क और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाएंगी।



