छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश; 25 सितंबर को भी अलर्ट

रायपुर। बंगाल की खाड़ी से सक्रिय मौसम प्रणाली का असर छत्तीसगढ़ में लगातार बना हुआ है। गुरुवार को दक्षिण-मध्य छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला रहा। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।

मौसम विभाग ने 25 सितंबर को भी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी हुई। बारिश के कारण कई इलाकों में तापमान में गिरावट देखने को मिली।

डीप डिप्रेशन का छत्तीसगढ़ में असर

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना डीप डिप्रेशन करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा था। 24 सितंबर की सुबह 11:30 बजे यह 18.7 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 83.4 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास केंद्रित था।

इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां आगे भी जारी रहने की संभावना है।

40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। ऐसे में बारिश के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में सामान्य से 6 फीसदी कम बारिश

प्रदेश में अब तक कुल बारिश सामान्य से करीब 6 फीसदी कम दर्ज की गई है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी से बनी सक्रिय मौसम प्रणाली के चलते आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button