ईरान में शादी समारोह वाले घर पर अमेरिकी हमला, बच्चे समेत 4 की मौत; 50 घायल

US Attack on Iran: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच होर्मोजगान प्रांत से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक घर में शादी समारोह चल रहा था, इसी दौरान हुए अमेरिकी हमले में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है। हमले में करीब 50 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद शादी की खुशियां चीख-पुकार और मातम में बदल गईं।

कोहस्तक गांव में शादी समारोह के दौरान हमला

जानकारी के मुताबिक, यह घटना होर्मोजगान प्रांत के सिरिक काउंटी के तटीय कोहस्तक गांव की है। होर्मोजगान के उप-गवर्नर अहमद नफीसी के अनुसार, जिस घर को निशाना बनाया गया, वहां शादी का समारोह चल रहा था और बड़ी संख्या में मेहमान मौजूद थे।

हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। ईरानी मीडिया के अनुसार, करीब 50 लोग घायल हुए हैं। इनमें से कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को मिनाब अस्पताल भेजा गया है।

हमले में चार लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल बताया गया है।

शादी की खुशियां बदलीं मातम में

जिस घर में परिवार और रिश्तेदार शादी की खुशियां मना रहे थे, वहां अचानक हुए हमले के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, हमले के बाद आसपास के लोगों ने राहत और बचाव कार्य में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है और क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज हुई हैं।

एक महीने बाद फिर बढ़ा अमेरिका-ईरान तनाव

होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के बाद अमेरिकी सेना ने ईरान में कई ठिकानों को निशाना बनाया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, कार्रवाई में ईरान की एयर डिफेंस और रडार प्रणालियों, समुद्री ठिकानों, बारूदी सुरंग बिछाने की क्षमता और संचार सुविधाओं को निशाना बनाया गया।

इस कार्रवाई के बाद ईरान की ओर से भी मिसाइल और ड्रोन हमलों के जरिए जवाबी कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

जॉर्डन और UAE तक पहुंचा तनाव

ईरान की ओर से जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है। जॉर्डन ने कहा है कि उसकी सीमा की ओर दागी गई मिसाइलों को रोक दिया गया। वहीं, संयुक्त अरब अमीरात ने भी अपने जलक्षेत्र में ईरानी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है।

अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य टकराव के बीच क्षेत्रीय देशों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। ताजा घटनाक्रम से मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button