रायपुर गणेश विसर्जन झांकी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 2 हजार जवान और 50 राजपत्रित अधिकारी तैनात

राजधानी रायपुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन की झांकी को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। झांकी और विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे झांकी मार्ग को 6 सेक्टर में बांटा गया है। करीब 2 हजार पुलिस जवानों के साथ 50 राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
पुलिस इस बार पिछले वर्षों की तुलना में करीब डेढ़ गुना अधिक बल तैनात कर रही है। मुख्य झांकी मार्ग के अलावा आसपास की गलियों और संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।
उपद्रव करने वालों पर पुलिस की नजर
गणेशोत्सव के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए पुलिस ने पहले से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। पिछले 10 दिनों में रायपुर के तीनों पुलिस जोन में करीब 180 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने ऐसे स्थानों को भी चिन्हित किया है, जहां पूर्व में विवाद, मारपीट या चाकूबाजी जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन जगहों पर अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा।
5 ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी
झांकी मार्ग और आसपास के इलाकों की निगरानी के लिए 5 ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के CCTV कैमरों से प्रमुख चौराहों और मार्गों पर नजर रखी जाएगी।
पुलिस ने CCTV कैमरों की जांच भी की है। खराब या बंद कैमरों को समय पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि झांकी के दौरान भीड़, यातायात और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे जवान
झांकी मार्ग और महादेव घाट के आसपास सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। ये जवान संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे।
पुलिस की विशेष निगरानी झांकी मार्ग से जुड़ी अंदरूनी गलियों पर रहेगी। अधिकारियों के मुताबिक, पूर्व में कुछ घटनाएं मुख्य झांकी मार्ग के बजाय आसपास की गलियों में हुई हैं। ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा।
शारदा चौक से महादेव घाट तक जाएगी झांकी
गणेश विसर्जन की झांकी शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, कोतवाली चौक, सदरबाजार, कंकालीपारा और पुरानी बस्ती होते हुए लाखेनगर से रायपुरा स्थित महादेव घाट पहुंचेगी।
झांकी मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि संभव हो तो वाहनों के बजाय पैदल झांकी में शामिल हों।
महादेव घाट पर 7 क्रेन और 12 गोताखोर रहेंगे तैनात
महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड में प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए 7 क्रेन और करीब 12 गोताखोर तैनात किए जाएंगे। क्रेन ऑपरेटर और गोताखोर तीन पालियों में ड्यूटी करेंगे।
कुंड के आसपास पर्याप्त पुलिस बल के साथ राजपत्रित अधिकारियों की भी तैनाती रहेगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विसर्जन कुंड के पास लोगों की संख्या सीमित रखने की व्यवस्था की जाएगी।
पंडाल से विसर्जन स्थल तक साथ रहेगा पुलिस बल
गणेशोत्सव के दौरान प्रमुख गणेश पंडालों में तैनात पुलिस जवान विसर्जन के दिन संबंधित झांकी के साथ रहेंगे। पंडाल से झांकी रवाना होने से लेकर महादेव घाट पहुंचने तक पुलिस बल साथ रहेगा।
पुलिस अधिकारियों ने जवानों को किसी भी विवाद, संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का उद्देश्य गणेश विसर्जन झांकी को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।



