कर्मचारी चयन मंडल ने जारी किया परीक्षा कैलेंडर, भर्ती से लेकर TET-SET तक की तारीखें घोषित

रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) ने वर्ष 2027 का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इसमें विभिन्न विभागों की भर्ती परीक्षाओं के साथ-साथ व्यावसायिक एवं शैक्षणिक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं की संभावित तिथियां भी घोषित की गई हैं। कैलेंडर में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) और राज्य पात्रता परीक्षा (SET) को भी शामिल किया गया है।
कर्मचारी चयन मंडल की ओर से जारी इस वार्षिक कैलेंडर से अभ्यर्थियों और विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पहले से योजना बनाने में मदद मिलेगी। हालांकि, परीक्षा की तिथियों में आवश्यकता के अनुसार बदलाव किया जा सकता है।
UPSC की तर्ज पर वार्षिक परीक्षा कैलेंडर
व्यापम का नाम बदलकर कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) किए जाने के बाद यह पहला वार्षिक परीक्षा कैलेंडर है। मंडल ने UPSC की तर्ज पर वर्षभर आयोजित होने वाली प्रमुख परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया है।
कैलेंडर के मुताबिक वर्ष 2027 में भर्ती परीक्षाओं के अलावा PPT, PET, PPHT, Pre B.Ed, Pre D.El.Ed, Pre MCA, Pre B.Sc Nursing, PAT/PVPT सहित कई प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
2027 में कब-कब होंगी प्रमुख परीक्षाएं?
- 10 जनवरी 2027 – समूह-2 के अंतर्गत उप समूह-2 की परीक्षा
- 14 मार्च 2027 – समूह-1 की परीक्षा
- 4 अप्रैल 2027 – समूह-6 के अंतर्गत उप समूह-2 की परीक्षा
- 18 अप्रैल 2027 – समूह-3 के अंतर्गत उप समूह-3 की परीक्षा
- 2 मई 2027 – PPT और Pre B.Ed
- 9 मई 2027 – PET और Pre M.Sc Nursing
- 23 मई 2027 – PPHT और Pre Post Basic Nursing
- 30 मई 2027 – Pre D.El.Ed
- 6 जून 2027 – Pre MCA और Pre B.Sc Nursing
- 13 जून 2027 – PAT/PVPT
- 11 जुलाई 2027 – समूह-2 के अंतर्गत उप समूह-3 की परीक्षा
- 25 जुलाई 2027 – समूह-5 की परीक्षा
- 29 अगस्त 2027 – समूह-6 के अंतर्गत उप समूह-1 की परीक्षा
- 19 सितंबर 2027 – आकस्मिक परीक्षा के लिए आरक्षित
- 26 सितंबर 2027 – TET
- 3 अक्टूबर 2027 – SET
- 17 अक्टूबर 2027 – समूह-2 के अंतर्गत उप समूह-1 की परीक्षा
- 21 नवंबर 2027 – समूह-7 की परीक्षा
- 28 नवंबर 2027 – आकस्मिक परीक्षा के लिए आरक्षित
- 12 दिसंबर 2027 – समूह-4 की परीक्षा
- 19 दिसंबर 2027 – आकस्मिक परीक्षा के लिए आरक्षित
तीन तारीखें आकस्मिक परीक्षाओं के लिए आरक्षित
CGSSB ने 19 सितंबर, 28 नवंबर और 19 दिसंबर 2027 को आकस्मिक परीक्षाओं के लिए आरक्षित रखा है। यदि वार्षिक कैलेंडर जारी होने के बाद किसी विभाग की ओर से अतिरिक्त परीक्षा आयोजित कराने का प्रस्ताव या आवेदन आता है, तो इन तिथियों का उपयोग किया जा सकता है।
अभ्यर्थियों को मिलेगा तैयारी का अतिरिक्त समय
परीक्षाओं की संभावित तारीखें पहले से घोषित होने से भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अपनी पढ़ाई और रिवीजन की रणनीति बनाने में आसानी होगी। वहीं, प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थी भी पूरे वर्ष की अपनी पढ़ाई की समय-सारिणी पहले से तैयार कर सकेंगे।
आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है कैलेंडर
कर्मचारी चयन मंडल ने वर्ष 2027 का विस्तृत परीक्षा कैलेंडर अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे कैलेंडर के साथ संबंधित परीक्षा का आधिकारिक नोटिफिकेशन भी जरूर देखें। परीक्षा कैलेंडर में दी गई तिथियां संभावित हैं और आवश्यकता के अनुसार इनमें बदलाव किया जा सकता है।



