31 अगस्त के बाद बंद हो सकता है राशन का लाभ! 5 हजार कार्डों का नवीनीकरण बाकी, 1350 हुए निरस्त

जगदलपुर। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन कार्डों के नवीनीकरण और ई-केवाईसी की प्रक्रिया जारी है। इसके बावजूद करीब 5 हजार राशन कार्डों का अब तक नवीनीकरण नहीं हुआ है। इनमें लगभग 3 हजार एपीएल और 1 हजार बीपीएल कार्ड शामिल हैं। वहीं, पलायन, मृत्यु और अन्य कारणों के चलते करीब 1,350 राशन कार्ड निरस्त किए जा चुके हैं।
खाद्य विभाग ने नवीनीकरण से वंचित हितग्राहियों को राहत देते हुए प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की है। विभाग ने हितग्राहियों से समय सीमा के भीतर राशन कार्ड का नवीनीकरण और लंबित ई-केवाईसी कराने की अपील की है।
पलायन और मृत्यु के कारण भी निरस्त हुए कार्ड
खाद्य विभाग के अनुसार नवीनीकरण नहीं कराने वाले हितग्राहियों में कई ऐसे लोग हैं, जो रोजगार या अन्य कारणों से दूसरे स्थानों पर पलायन कर चुके हैं। कुछ राशन कार्डधारकों की मृत्यु हो चुकी है। इसके अलावा दूसरे प्रदेश में राशन लेने या राशन कार्ड में गड़बड़ी पाए जाने जैसे मामलों में भी कार्ड निरस्त किए गए हैं।
जिले में 2.06 लाख से अधिक राशन कार्ड
जगदलपुर जिले में वर्तमान में करीब 2.06 लाख राशन कार्ड हैं। इनके माध्यम से 7.90 लाख से अधिक हितग्राहियों को रियायती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में राशन कार्ड पांच प्रमुख श्रेणियों में हैं।
इनमें अंत्योदय के 45,510, प्राथमिकता श्रेणी के 1,33,174, नि:शक्त श्रेणी के 63, निराश्रित श्रेणी के 460 और सामान्य श्रेणी के 17,160 राशन कार्ड शामिल हैं।
60 हजार से अधिक हितग्राहियों की ई-केवाईसी लंबित
राशन कार्ड नवीनीकरण के साथ ही ई-केवाईसी की प्रक्रिया भी जारी है। जिले में अब तक 60 हजार से अधिक हितग्राहियों की ई-केवाईसी लंबित बताई जा रही है। खाद्य विभाग की ओर से पिछले वर्ष से ही ई-केवाईसी की प्रक्रिया कराई जा रही है।
विभाग ने हितग्राहियों से अपील की है कि वे 31 अगस्त 2026 तक राशन कार्ड का नवीनीकरण और लंबित ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूरी करा लें, ताकि भविष्य में शासकीय राशन का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।



