iPhone की किस्त से जुड़ी चर्चा पर पुलिस का बड़ा खुलासा, खवड्या पहाड़ मामले में सामने आई नई जानकारी

छत्रपति संभाजीनगर। वालुज इलाके के खवड्या पहाड़ पर माता-पिता और बेटे की खाई में गिरकर मौत के मामले में iPhone और मोबाइल की किस्त को लेकर चल रही चर्चाओं पर पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है, जिसके आधार पर घटना की वजह iPhone या मोबाइल की किस्त को बताया जा सके। सोशल मीडिया पर इस संबंध में किए जा रहे दावों को पुलिस ने अफवाह बताया है।
पांच घंटे तक कुणाल को समझाती रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी। इसके बाद MIDC वालुज पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने करीब पांच घंटे तक कुणाल को समझाने और शांत करने की कोशिश की।
इस दौरान उसकी मां भी लगातार उससे बातचीत करती रहीं। उन्होंने कुणाल को भरोसा दिलाया कि अगर वह किसी परेशानी में है तो परिवार मिलकर उसका समाधान निकाल सकता है।
मौके की बातचीत से फैली iPhone वाली चर्चा
छत्रपति संभाजीनगर के पुलिस उपायुक्त रत्नाकर नवले के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोगों में से किसी व्यक्ति ने कुणाल को शांत कराने के लिए यह भी कहा था कि जरूरत पड़ने पर उसे मोबाइल लेकर दिया जा सकता है।
पुलिस के अनुसार, इसी बातचीत के आधार पर सोशल मीडिया पर यह दावा फैल गया कि कुणाल ने iPhone के लिए आत्महत्या की। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौके पर कही गई किसी एक बात के आधार पर घटना की वजह तय नहीं की जा सकती।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस का कहना है कि फिलहाल iPhone या मोबाइल की किस्त को घटना की वजह बताने का कोई ठोस आधार नहीं है। इसलिए सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को तथ्य मानने से पहले पुलिस की जांच से सामने आने वाली जानकारी का इंतजार करना जरूरी है।



