छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी बारिश, 10 जिलों में आकाशीय बिजली का अलर्ट; केशकाल घाट में लगा जाम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। खासकर दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। कई जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
दुर्ग में सबसे अधिक और सबसे कम तापमान
गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान भी दुर्ग में ही 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के कारण कई इलाकों में तापमान में गिरावट देखने को मिली है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 11 सितंबर को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
केशकाल घाट में बारिश के बाद लंबा जाम
बस्तर संभाग में लगातार हो रही बारिश का असर जनजीवन और यातायात पर भी पड़ा है। केशकाल घाट में सुबह से ही जाम की स्थिति बनी हुई है। घाट के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है।
जाम के चलते यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोनों दिशाओं से वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई। जाम को खुलवाने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर जुटी हुई है।
पखांजूर में 5 सेमी बारिश
गुरुवार को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। पखांजूर में सबसे अधिक 5 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा सोनहत और मालखरौदा में 4-4 सेमी, जबकि बिहारपुर और सूरजपुर में 3-3 सेमी बारिश दर्ज की गई।
वहीं रघुनाथनगर, चांदो, बास्तानार, प्रेमनगर, बलरामपुर, बकावंड और दौरा कोचली में 2-2 सेमी बारिश हुई। राजधानी रायपुर में भी करीब 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।
इन जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी है।
मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।



