छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, रायपुर में 11 सेमी बारिश; कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में पिछले 30 घंटों के दौरान व्यापक बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी वर्षा हुई है। राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे में 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि शुक्रवार को भी बारिश का दौर जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में 26 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है। वहीं कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। भारी वर्षा की संभावना मुख्य रूप से सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में जताई गई है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की गई। जगदलपुर में सबसे अधिक 25 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा लोहंडीगुड़ा में 23 सेमी, बास्तानार और नानगुर में 22 सेमी, भनपुरी और मदार्पाल में 21 सेमी तथा तोकापाल और माकड़ी में 20 सेमी बारिश दर्ज की गई।
बस्तर और केशकाल में 19-19 सेमी, बचेली में 18 सेमी, देवभोग में 17 सेमी और कोहकामेटा में 16 सेमी बारिश हुई। अंतागढ़, मैनपुर, धनोरा, अमलीपदर, नारायणपुर, दरभा, ओरछा, बकावंड-बड़े, छिंदगढ़, कोंडागांव और छोटेडोंगर में 15-15 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
वहीं नेरहरपुर, बड़ेराजपुर, बालोद और कांकेर में 13-13 सेंटीमीटर बारिश हुई।
डीप डिप्रेशन के प्रभाव से सक्रिय हुआ मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिणी अंदरूनी ओडिशा के ऊपर एक अवदाब बना हुआ है। यह करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अगले 12 घंटे तक इसी तीव्रता के साथ बने रहने की संभावना है।
इसके बाद अगले 12 घंटे में इसके कमजोर होकर चिन्हित निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है।
रायपुर में आज भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में सुबह से बारिश हो रही है और आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर को रायपुर में आकाश में बादल छाए रहने के साथ रुक-रुककर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
27 सितंबर से बारिश की रफ्तार हो सकती है धीमी
मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात भी हो सकता है। हालांकि 27 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है।



