मदकू द्वीप को पर्यटन से जोड़ने की तैयारी, CM साय ने विकास कार्यों की दी सौगात

 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मदकू द्वीप में आयोजित आंगन मिलन सेवा, रक्तदान एवं नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रही है। मदकू द्वीप की ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक पहचान को पर्यटन से जोड़कर यहां सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को शासन के केंद्र में रखा है। इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनसेवा को जनभागीदारी से मजबूत करने का माध्यम है।

सुशासन का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ है कि नागरिकों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो। इसी दिशा में प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाया जा रहा है। ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों जैसी पहल के जरिए शासन को नागरिकों के करीब लाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन में बदलाव लाया जा रहा है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि पात्र व्यक्ति केवल जानकारी या प्रक्रिया के अभाव में किसी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण और स्वास्थ्य पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण और माताओं के स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। बच्चों के जीवन के शुरुआती वर्ष उनके संपूर्ण विकास के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। आंगन मिलन कार्यक्रम के जरिए परिवार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और स्वास्थ्यकर्मी बच्चों के पोषण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, एनीमिया, टीकाकरण और स्वच्छता जैसे विषयों पर मिलकर संवाद कर रहे हैं।

उन्होंने मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य और पोषण सेवाएं पहुंचाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

महतारी वंदन योजना का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि माताओं-बहनों का सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं के खातों में हर महीने एक हजार रुपये की सहायता राशि सीधे पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह राशि महिलाओं को आर्थिक रूप से संबल प्रदान कर रही है।

समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील

मेगा स्वास्थ्य शिविर में मुख्यमंत्री ने नागरिकों से स्वास्थ्य जांच की सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ब्लड प्रेशर, मधुमेह और एनीमिया जैसी समस्याओं की समय पर पहचान होने से उपचार अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं से परिवार की देखभाल के साथ अपने स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देने की अपील की। वहीं रक्तदान करने वाले लोगों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की बड़ी सेवाओं में से एक है और इससे जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन बचाने में मदद मिलती है।

मदकू द्वीप में इको टूरिज्म सेंटर की घोषणा

मुख्यमंत्री ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके संरक्षण के साथ पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इससे क्षेत्र की पहचान मजबूत होने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर भी विकसित होंगे।

स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन के लिए कई घोषणाएं

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें प्रमुख रूप से:

  • सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की घोषणा।
  • पिपरडोल और लमती की प्राथमिक शालाओं को मिडिल स्कूल में उन्नयन।
  • ताला महोत्सव और मदकू द्वीप उत्सव के लिए 15-15 लाख रुपये।
  • पथरिया के अवंती बाई लोधी कॉलेज में रानी अवंती बाई लोधी की आदमकद प्रतिमा के लिए 25 लाख रुपये।
  • मदकू द्वीप में इको टूरिज्म सेंटर के लिए 75 लाख रुपये।
  • भाटापारा में इनडोर स्टेडियम निर्माण की घोषणा।
  • भाटापारा क्षेत्र के 10 गांवों में 10-10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण।
  • मदकू और तुमाढेठा में 33 केवी सब स्टेशन की स्थापना।
  • चंदखुरी की कोर बस्ती में भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये।
  • मदकू में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा।

68.96 करोड़ रुपये के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कुल 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये की लागत के 21 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 34 करोड़ 77 लाख 19 हजार रुपये के पूर्ण कार्यों का लोकार्पण और 34 करोड़ 19 लाख 77 हजार रुपये के नए कार्यों का शिलान्यास शामिल है।

लोकार्पित कार्यों में लोक निर्माण विभाग के लोरमी विधानसभा क्षेत्र के 20 करोड़ 07 लाख 61 हजार रुपये के आठ कार्य और बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के 10 करोड़ 68 लाख 06 हजार रुपये का एक कार्य शामिल है। इसके अलावा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और पुलिस विभाग से जुड़े कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।

वहीं शिलान्यास किए गए कार्यों में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र का 8 करोड़ 04 लाख 63 हजार रुपये का एक कार्य शामिल है। लोक निर्माण विभाग के तहत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में 20 करोड़ 88 लाख 29 हजार रुपये के तीन तथा बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में 4 करोड़ 83 लाख 85 हजार रुपये के दो कार्यों की आधारशिला रखी गई। बिल्हा क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 43 लाख रुपये के कार्य का भी शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से मुंगेली, लोरमी और बिल्हा विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य अधोसंरचना और अन्य जनसुविधाओं का विस्तार होगा।

तोखन साहू ने शांताराम सराफ को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने समाजसेवी स्वर्गीय शांताराम सराफ को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भी उनका स्मरण किया।

साहू ने कहा कि शांताराम सराफ ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व को सामने लाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों से यहां उत्खनन कार्य हुआ और प्राचीन इतिहास से जुड़े कई तथ्य सामने आए।

मदकू द्वीप की विरासत को मिलेगी नई पहचान

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मदकू द्वीप छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत को अपने भीतर समेटे हुए है और यह 11वीं सदी का महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मदकू द्वीप के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने भी स्वर्गीय शांताराम सराफ के योगदान को याद करते हुए कहा कि मदकू द्वीप की ऐतिहासिक पहचान और विकास के लिए किए गए उनके कार्यों को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, पुन्नूलाल मोहले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button