छत्तीसगढ़ में 21 अक्टूबर से पुरुष हॉकी लीग, 6 टीमें लेंगी हिस्सा; स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को लाखों की सम्मान राशि

छत्तीसगढ़ में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार नई पहल करने जा रही है। प्रदेश में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक पुरुष हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि लीग में छह टीमें हिस्सा लेंगी। इसकी टैगलाइन ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है। टीमों के नाम छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान के अनुरूप होंगे।

बिलासपुर के बहतराई स्थित खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की तीन खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने यह जानकारी दी। इस दौरान एशियन गेम्स-2026 की कबड्डी स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी और जूनियर हॉकी एशिया कप-2026 की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार एवं गीता यादव को सम्मानित किया गया।

संजू देवी को 51 लाख, मधु और गीता को 11.12-11.12 लाख रुपये की सहायता

सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा संजू देवी के लिए पूर्व में घोषित 51 लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक प्रदान किया गया। वहीं, मधु सिदार और गीता यादव को 11 लाख 12 हजार रुपये प्रत्येक की विशेष सहायता देने की घोषणा की गई। दोनों खिलाड़ियों को तत्काल 2-2 लाख रुपये की एकमुश्त सहायता राशि के चेक भी सौंपे गए।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीनों खिलाड़ियों को शाल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों की सफलता में उनके परिवारों के योगदान को सराहते हुए उनके परिजनों को भी शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

छत्तीसगढ़ में खेल सुविधाओं का होगा विस्तार

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और खेल अधोसंरचना मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेल अलंकरण, स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव, बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों से प्रदेश में खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बजट में मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके माध्यम से प्रशिक्षकों की उपलब्धता, खेल अधोसंरचना और खिलाड़ियों के लिए जरूरी सुविधाओं को मजबूत करने पर काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करने की क्षमता भी विकसित होती है। खेल के माध्यम से युवाओं को बेहतर भविष्य बनाने के अवसर मिल रहे हैं।

बहतराई खेल परिसर में 16 करोड़ रुपये से विकसित होगी अधोसंरचना

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने बहतराई जिला खेल परिसर में खेल सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न खेल मैदानों, हाई मास्ट लाइट और अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

इसके अलावा लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से वातानुकूलन सहित जरूरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। विधायक ने बताया कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से खेल अधोसंरचना विकसित करने की योजना है। इसका भूमिपूजन जल्द किया जाएगा।

खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में नए कॉन्फ्रेंस रूम का उद्घाटन

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र के प्रशासनिक भवन में नवनिर्मित ऑडियो-वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम का उद्घाटन भी किया।

उन्होंने कहा कि बहतराई के इसी केंद्र में प्रशिक्षण लेकर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा निखारी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। उनकी उपलब्धियां वर्षों की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास करने और अपनी कमियों को दूर करते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि प्रतियोगिताओं में चयन नहीं होने पर निराश होने के बजाय अधिक मेहनत करनी चाहिए।

समारोह में राज्य हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव प्रदीप यादव, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button