कोरबा के देवपहरी जलप्रपात में फंसे तीन युवक, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

Korba News: छत्तीसगढ़ में सक्रिय मानसून के बीच कोरबा के प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट देवपहरी जलप्रपात में तीन युवक अचानक बढ़े जलस्तर के कारण नदी के बीच बने टापू पर फंस गए। लगातार बारिश के चलते हसदेव नदी उफान पर है। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। अंधेरा और लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण युवकों को रात में बाहर नहीं निकाला जा सका। मंगलवार सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

फोटो खिंचाने पहुंचे थे युवक

जानकारी के मुताबिक, गुरमा श्यांग गांव के रहने वाले धनेश्वर सारथी, घनश्याम महंत और सूरज सारथी सोमवार को घूमने के लिए देवपहरी पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तीनों फोटो खिंचाने के लिए हसदेव नदी के बीच बने टापू तक गए थे।

इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तीनों युवक टापू पर ही फंस गए। इसके बाद उन्होंने टापू के बीच बनी छतरी में रातभर शरण ली।

वीडियो कॉल के जरिए मांगी मदद

टापू पर फंसने के बाद युवकों ने रेस्क्यू टीम से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क किया। उन्होंने अपने परिजनों को भी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना मिली।

घटना की जानकारी मिलते ही लेमरू थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद SDRF की टीम को भी बुलाया गया और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

रातभर चला रेस्क्यू, बढ़ते जलस्तर से आई परेशानी

पुलिस और SDRF की टीम ने रातभर तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। हालांकि, अंधेरा होने के साथ हसदेव नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी परेशानी आई।

कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मुताबिक, सूचना मिलते ही लेमरू थाना प्रभारी को मौके पर भेजा गया और SDRF की टीम को बुलाया गया। रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन जलस्तर कम नहीं होने के कारण तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका।

मंगलवार सुबह फिर शुरू हुआ रेस्क्यू

मंगलवार सुबह पुलिस और SDRF की टीम ने दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फिलहाल तीनों युवक टापू पर सुरक्षित बताए जा रहे हैं। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिस और SDRF की टीम लगातार प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button