दिल्ली में AC ब्लास्ट से पूर्व IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार की मौत, AIIMS में तोड़ा दम

भीषण गर्मी के बीच राजधानी दिल्ली और NCR में एयर कंडीशनर (AC) ब्लास्ट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार रात ऐसी ही एक दर्दनाक घटना में रिटायर्ड IAS अधिकारी और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के पहले चेयरमैन धनेंद्र कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि AC में ब्लास्ट होने के बाद घर में धुआं भर गया, जिससे उनका दम घुटने लगा। इलाज के दौरान उन्होंने AIIMS ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। वह 80 वर्ष के थे।

हादसे के वक्त घर में मौजूद थे पांच लोग

जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार रात करीब 11:15 बजे हौज खास इलाके स्थित उनके आवास पर हुई। उस समय घर में परिवार के सदस्यों और घरेलू सहायकों समेत कुल पांच लोग मौजूद थे। हादसे में उनका बेटा भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने और घर में फंसे लोगों को बाहर निकालने में करीब 25 मिनट का समय लगा।

फायर ब्रिगेड की देरी पर उठे सवाल

घटना के बाद पड़ोसियों में नाराजगी भी देखने को मिली। एक पड़ोसी महिला ने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचने में 20 से 25 मिनट लग गए। उनके मुताबिक, दमकल कर्मियों ने गली संकरी होने और लोकेशन न मिलने की बात कही, जबकि इलाके में फायर ब्रिगेड की गाड़ी आसानी से पहुंच सकती थी।

महिला ने कहा कि जब इतने बड़े अधिकारी को समय पर मदद नहीं मिल सकी, तो आम लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

AC के इनडोर यूनिट में ब्लास्ट की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग AC के इनडोर यूनिट में ब्लास्ट के कारण लगी। फिलहाल क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक जांच में किसी साजिश या गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं। वहीं, लगातार बढ़ती गर्मी के बीच AC से आग लगने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि मई महीने में AC हादसों में अब तक करीब 10 लोगों की जान जा चुकी है।

Related Articles

Back to top button