मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल: 10 वर्षीय रिमोन के इलाज के लिए 12 लाख रुपये मंजूर, किसान परिवार को मिली राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे सक्ती जिले के 10 वर्षीय रिमोन टंडन के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत तत्काल 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री की इस पहल से आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान परिवार को बड़ी राहत मिली है और बच्चे के बेहतर उपचार की उम्मीद जगी है।

मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात के दौरान रिमोन अपने माता-पिता के साथ पहुंचा था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चे को गोद में उठाकर दुलारा और उसके स्वास्थ्य एवं उपचार के संबंध में परिजनों से जानकारी ली। परिवार की आर्थिक स्थिति और इलाज पर आने वाले खर्च को देखते हुए उन्होंने तत्काल सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने रिमोन के माता-पिता को भरोसा दिलाते हुए कहा, “यह केवल आपका नहीं, हमारा भी बेटा है। इसके स्वास्थ्य की चिंता करना हमारी भी जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि रिमोन के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है रिमोन

सक्ती जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम धुरकोट निवासी रिमोन टंडन ‘आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन की कमी (टाइप ए-1)’ नामक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। चिकित्सकों के अनुसार, उसके उपचार के लिए विशेष चिकित्सा की आवश्यकता है, जिस पर लगभग 12 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन किसान हैं और खेती-किसानी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आय के कारण बेटे के महंगे उपचार के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना उनके लिए मुश्किल हो रहा था। ऐसे में मुख्यमंत्री द्वारा सहायता स्वीकृत किए जाने से परिवार को बड़ी राहत मिली है।

किसान पिता ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेटे के इलाज के लिए इतनी बड़ी राशि की व्यवस्था करना उनके परिवार के लिए संभव नहीं था। मुख्यमंत्री ने उनकी परेशानी को समझते हुए तत्काल सहायता स्वीकृत की, जिससे परिवार को कठिन समय में बड़ा सहारा मिला है।

उन्होंने कहा कि अब उन्हें उम्मीद है कि उनके बेटे को आवश्यक उपचार मिल सकेगा। परिवार ने इस मुश्किल घड़ी में साथ देने के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।

गीत सुनाकर रिमोन ने जीता मुख्यमंत्री का दिल

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान एक भावुक और आत्मीय पल भी देखने को मिला। सहायता मिलने से उत्साहित नन्हे रिमोन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को गीत सुनाकर धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक उसका गीत सुना और उसका उत्साह बढ़ाया।

उन्होंने रिमोन को खूब पढ़ने, आगे बढ़ने और स्वस्थ होकर अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

जरूरतमंद मरीजों के लिए मददगार बनी मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना

छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना गंभीर एवं दुर्लभ बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों के उपचार में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को महंगे इलाज के खर्च में सहायता दी जाती है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण किसी मरीज का उपचार बाधित न हो।

रिमोन टंडन के उपचार के लिए 12 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत किया जाना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे किसान परिवार को आर्थिक संबल मिला है और रिमोन के आवश्यक उपचार की राह आसान होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button