कुलगाम आतंकी हमले पर छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, मृतक श्रमिकों के परिवारों को मिलेगी 20-20 लाख की सहायता

रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों के परिवारों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने का ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों पर इस तरह का हमला बेहद दुखद और अमानवीय है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमले में जान गंवाने वाले दोनों श्रमिकों के परिजनों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। राज्य सरकार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Back to top button