जेल में बंद आरोपी छात्र ने दिया NEET-UG री-एग्जाम, हाईकोर्ट के आदेश पर कड़ी सुरक्षा में पहुंचा परीक्षा केंद्र

Raipur NEET UG Re-Exam: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में NEET-UG री-एग्जाम के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया। रायपुर सेंट्रल जेल में बंद आरोपी छात्र कुणाल तरुणकर ने हाईकोर्ट की अनुमति के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोबारा आयोजित नीट परीक्षा में हिस्सा लिया। जेल प्रशासन की निगरानी में उसे परीक्षा केंद्र तक लाया गया और परीक्षा समाप्त होने के बाद वापस जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, रायपुर के शिवानंद नगर निवासी कुणाल तरुणकर को हाईकोर्ट के निर्देश के बाद NEET-UG री-एग्जाम में शामिल होने की अनुमति मिली थी। इसके तहत उसे रायपुर के WRS कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र लाया गया, जहां उसने निर्धारित नियमों के अनुसार परीक्षा दी। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।

आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में जेल में बंद

कुणाल तरुणकर फिलहाल एक युवती की आत्महत्या के मामले में रायपुर सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में बंद है। पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल को 20 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच के दौरान मृतका की डायरी में मिले कथित सुसाइड नोट और मोबाइल फोन से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कुणाल की भूमिका संदिग्ध पाई थी।

मानसिक प्रताड़ना के आरोप

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर युवती पर मिलने का दबाव बनाता था और उसके साथ गाली-गलौज करता था। जांच एजेंसियों का दावा है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने आत्मघाती कदम उठाया। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर कुणाल को गिरफ्तार किया था।

परीक्षा देने को लेकर चर्चा में रहा मामला

पेपर लीक विवाद के बाद आयोजित NEET-UG री-एग्जाम में देशभर के हजारों अभ्यर्थी शामिल हुए। वहीं रायपुर में जेल में बंद आरोपी छात्र को हाईकोर्ट के आदेश पर परीक्षा देने की अनुमति मिलने का मामला पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा। इस घटना ने शिक्षा के अधिकार और न्यायिक प्रक्रिया के बीच संतुलन को लेकर भी नई बहस छेड़ दी है।

Related Articles

Back to top button