आंगन मिलन सेवा से आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्सव का माहौल, पहले दिन 97 हजार से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

रायपुर, 26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश में शुक्रवार से शुरू हुई ‘आंगन मिलन सेवा’ के पहले दिन आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। प्रदेशभर के 2,262 स्थानों पर 12,698 गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें 97,471 लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रमों के जरिए मातृ एवं शिशु पोषण, स्वास्थ्य और समुदाय की भागीदारी को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मुंगेली जिले के मदकू में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने माताओं और बच्चों के बेहतर पोषण के महत्व पर जोर देते हुए परिवारों को पोषण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

आंगनबाड़ी केंद्रों में हुआ गर्भवती माताओं का स्वागत

आंगन मिलन सेवा के तहत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती माताओं का स्वागत किया गया। इस दौरान स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों, दालों और हरी सब्जियों का प्रदर्शन किया गया। परिवारों को संतुलित और विविधतापूर्ण भोजन के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रमों में ‘सुपोषित थाली’ के माध्यम से महिलाओं को बताया गया कि रोजमर्रा के भोजन में अलग-अलग खाद्य पदार्थों को शामिल करके माताओं और बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर बनाया जा सकता है।

अभिभावकों ने भी लिया हिस्सा

आंगन मिलन सेवा के कार्यक्रमों में बच्चों के अभिभावकों और समुदाय के लोगों ने भी भागीदारी की। इस दौरान पोषण और मातृ स्वास्थ्य से जुड़े अनुभव साझा किए गए। आंगनबाड़ी केंद्रों को परिवारों और समुदाय से जोड़ने के साथ बच्चों के बेहतर पोषण को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने पर भी जोर दिया गया।

योजनाओं से मिल रही सहायता की जानकारी

कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लाभार्थी महिलाओं ने योजनाओं से मिलने वाली सहायता के अनुभव साझा किए। महिलाओं ने बताया कि योजनाओं के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता से वे अपनी और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद पा रही हैं।

‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषण और बाल विकास की गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए परिवार और समुदाय की सक्रिय भागीदारी का केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button