स्वर्ण जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी से CM साय ने की बात

Raipur News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की निवासी संजू देवी से फोन पर बात कर उन्हें शानदार उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने संजू देवी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।
मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी से बातचीत के दौरान कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता देश के लिए गर्व का क्षण है। इस सफलता में छत्तीसगढ़ की बेटी की महत्वपूर्ण भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है।
संजू देवी की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। कोरबा की संजू देवी ने मेहनत और खेल कौशल के दम पर भारतीय राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश का मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि संजू देवी की सफलता उन हजारों युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का सपना देख रहे हैं।
खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित मंच मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकें।
फाइनल में ईरान को हराकर जीता स्वर्ण
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम की इस स्वर्णिम सफलता में कोरबा की संजू देवी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वह भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य हैं।
मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएंगे।



