रायपुर में कड़ी सुरक्षा, 800 जवान संभालेंगे मोर्चा; जानें ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस 2026 के राज्य स्तरीय समारोह को लेकर राजधानी रायपुर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। समारोह में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा, पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन के लिए विशेष व्यवस्था की है।
पास के अनुसार होगी पार्किंग व्यवस्था
समारोह में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रंग के पास जारी किए गए हैं। पार्किंग की व्यवस्था पास के रंग के अनुसार निर्धारित की गई है।
- लाल पास: पीडब्ल्यूडी चौक, छत्तीसगढ़ कॉलेज, कुंदन पैलेस, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी और एमटी वर्कशॉप मार्ग से होकर मंच के पीछे स्थित वीआईपी पार्किंग तक पहुंच सकेंगे।
- हरा पास: पीडब्ल्यूडी चौक और आरआई गेट चौक होते हुए सेंट पॉल स्कूल पार्किंग में वाहन खड़े किए जाएंगे।
- बिना पास वाले वाहन: सेंट पॉल स्कूल ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। यहां वाहन पार्क करने के बाद लोगों को पैदल आरआई गेट के रास्ते कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना होगा।
स्कूल बसों के लिए अलग प्रवेश मार्ग
परेड में शामिल छात्र-छात्राओं और प्रतिभागियों को लेकर आने वाली स्कूल बसों के लिए अलग प्रवेश मार्ग निर्धारित किया गया है। बसों को पुलिस लाइन के धमतरी गेट से प्रवेश दिया जाएगा। छात्र-छात्राओं को हेलीपैड के पास उतारने के बाद बसों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कराया जाएगा।
इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
कार्यक्रम के दौरान पेंशनबाड़ा चौक, पीडब्ल्यूडी चौक और महिला थाना चौक से पुलिस लाइन की ओर केवल अधिकृत वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा। सामान्य यातायात को जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
17 प्लाटून देंगी परेड की सलामी
स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल पूरी हो चुकी है। मुख्य समारोह में केंद्रीय सुरक्षा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस, जेल विभाग, नगर सेना और एनसीसी समेत कुल 17 प्लाटून हिस्सा लेंगी।
समारोह में मार्चपास्ट, सलामी और मेडल सेरेमनी के साथ डॉग शो और हॉर्स शो भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर इन वस्तुओं पर प्रतिबंध
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस परेड ग्राउंड में कई वस्तुओं को ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, पटाखे, आग्नेयास्त्र और अन्य खतरनाक सामान कार्यक्रम स्थल पर नहीं ले जाया जा सकेगा।
इसके अलावा चाकू, कैंची, ब्लेड, तलवार और अन्य धारदार वस्तुओं पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
800 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर के प्रमुख एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर 24 घंटे वाहन जांच की जा रही है। होटल, लॉज, धर्मशालाओं और अन्य ठहरने वाले स्थानों की भी जांच की जा रही है।
प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और आदतन अपराधियों की जांच की जा रही है। आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के माध्यम से शहर की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार समारोह की सुरक्षा के लिए करीब 800 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस का लक्ष्य स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।



