रायपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न, CM विष्णु देव साय ने किया ध्वजारोहण

रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज देशभक्ति और उत्साह का माहौल है। शहर के पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

ध्वजारोहण के बाद समारोह में परेड का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जल्द ही परेड की सलामी लेंगे। कार्यक्रम में पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों की टुकड़ियां मार्च पास्ट में हिस्सा ले रही हैं।

मुख्यमंत्री करेंगे प्रदेशवासियों को संबोधित

ध्वजारोहण और परेड के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। अपने संबोधन में वे प्रदेश के विकास, सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं को लेकर अपनी बात रख सकते हैं।

राज्य स्तरीय समारोह में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरे रायपुर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।

प्रदेशभर में हो रहे स्वतंत्रता दिवस समारोह

रायपुर के साथ ही छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। विभिन्न जिलों में मंत्रियों, सांसदों और विधायकों ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। स्कूल-कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर भी तिरंगा फहराया जा रहा है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के जरिए स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और उनके बलिदान को याद किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button