अंक बढ़ाने और फेल छात्रों को पास कराने के नाम पर ठगी, बोर्ड ने जारी की सख्त चेतावनी

रायपुर: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने बोर्ड परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों और अभिभावकों को फर्जी कॉल और साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की है। मंडल ने स्पष्ट किया है कि अंक बढ़ाने, परीक्षा परिणाम में सुधार करने या अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को पास कराने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति फोन, मैसेज या किसी अन्य माध्यम से पैसे की मांग करता है, तो उस पर भरोसा न करें।

CGBSE ने ऐसे मामलों में किसी भी तरह का आर्थिक लेन-देन नहीं करने और तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है।

उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जारी

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की द्वितीय मुख्य एवं अवसर परीक्षा समाप्त हो चुकी है और फिलहाल उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी है। इसी बीच बोर्ड ने संभावित फर्जी कॉल और ठगी के मामलों को देखते हुए विद्यार्थियों और अभिभावकों को सावधान किया है।

पहले भी सामने आ चुके हैं फर्जी कॉल

मंडल के अनुसार, वर्ष 2024 और 2025 में भी बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी होने से पहले और बाद में विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों को फर्जी फोन कॉल आए थे। ठगों ने परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने या फेल विद्यार्थियों को पास कराने का झांसा देकर पैसे की मांग की थी।

CGBSE ने कहा- पैसे मांगने वाला कॉल फर्जी

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने साफ किया है कि परिणाम में बदलाव या अंक बढ़ाने के लिए बोर्ड की ओर से किसी विद्यार्थी या अभिभावक को फोन करके पैसे नहीं मांगे जाते। ऐसे किसी भी दावे पर विश्वास नहीं करना चाहिए।

अगर किसी छात्र या अभिभावक के पास इस तरह का फोन, मैसेज या ऑनलाइन संपर्क आता है, तो उसे फर्जी मानकर सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।

फर्जी कॉल आए तो क्या करें?

  • किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें।
  • OTP, बैंक डिटेल या अन्य निजी जानकारी साझा न करें।
  • कॉल, मैसेज या संपर्क से संबंधित जानकारी सुरक्षित रखें।
  • मामले की तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करें।
  • परीक्षा परिणाम से जुड़ी जानकारी के लिए केवल CGBSE के अधिकृत माध्यमों पर भरोसा करें।

बोर्ड की अपील

CGBSE ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा परिणाम को लेकर किसी भी अफवाह या फर्जी दावे के झांसे में न आएं। बोर्ड से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाओं के लिए केवल अधिकृत माध्यमों का इस्तेमाल करें।

Related Articles

Back to top button