राजनांदगांव में नाहटा और भंसाली समूह के ठिकानों पर ED की छापेमारी, DMF मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार सुबह बड़े कारोबारियों से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई DMF (जिला खनिज न्यास) से जुड़े मामले में की जा रही है। ED की टीम सुबह करीब 6 बजे रायपुर और भोपाल से राजनांदगांव पहुंची और अलग-अलग परिसरों में जांच शुरू की।

नाहटा समूह के घर और कार्यालय में जांच

जानकारी के अनुसार, शहर की सत्यम विहार कॉलोनी में यश और रोमिल नाहटा के घर एवं कार्यालय पर ED की टीम जांच कर रही है। अधिकारियों द्वारा वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।

भंसाली के ठिकाने पर भी कार्रवाई

वहीं कामठी लाइन क्षेत्र में कारोबारी भंसाली समूह से जुड़े ठिकाने पर भी ED की टीम ने दबिश दी है। यहां अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। बताया गया है कि संबंधित कारोबारी सरकारी टेंट हाउस के कारोबार से जुड़े हैं।

वित्तीय लेन-देन और पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही ED

ED की टीम कथित DMF मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन, आयकर रिटर्न और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। खास बात यह है कि इन कारोबारियों से जुड़े ठिकानों पर अक्टूबर 2025 में भी ED की कार्रवाई हो चुकी है। अब एक बार फिर छापेमारी होने से मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संबंधित परिसरों के बाहर स्थानीय पुलिस बल भी तैनात किया गया है। अधिकारी फिलहाल दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच में जुटे हैं।

कारोबारियों और राजनीतिक हलकों में हलचल

सुबह-सुबह हुई ED की कार्रवाई के बाद राजनांदगांव के कारोबारी और राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है। हालांकि, ED की ओर से अभी तक कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अधिकारियों को क्या दस्तावेज या वित्तीय अनियमितताएं मिली हैं और आगे की कार्रवाई क्या होगी।

Related Articles

Back to top button