IPL 2026: चेन्नई की खराब शुरुआत, पावरप्ले में गिरे 3 विकेट; गुजरात ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी

आईपीएल 2026 के डबल हेडर मुकाबलों में रविवार का पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई में खेला जा रहा है। गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही।

सीएसके ने पावरप्ले के अंदर ही तीन बड़े विकेट गंवा दिए। पिछले मुकाबले में शतक जड़ने वाले संजू सैमसन इस बार 15 गेंदों में सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं उर्विल पटेल महज 4 रन ही बना सके, जबकि सरफराज खान गोल्डन डक का शिकार हुए।

चेन्नई को इस मुकाबले में बड़ा झटका तब लगा जब दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी एक बार फिर प्लेइंग इलेवन से बाहर रहे। बताया जा रहा है कि वह पिंडली की चोट से उबर रहे हैं।

गुजरात टाइटंस ने अपनी टीम में अरशद खान को मौका दिया, जबकि चेन्नई ने उर्विल पटेल पर भरोसा जताया, लेकिन वह टीम की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके।

अंक तालिका में दोनों टीमों की स्थिति

पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने अब तक खेले 7 मैचों में 3 जीत दर्ज की है और टीम पांचवें स्थान पर है। सीएसके का नेट रनरेट +0.118 है।

वहीं शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस ने भी 7 में से 3 मुकाबले जीते हैं, लेकिन खराब नेट रनरेट (-0.790) के कारण टीम सातवें स्थान पर है।

पिछला प्रदर्शन

चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने पिछले मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 103 रन से हराया था, जिसमें संजू सैमसन ने शानदार शतक लगाया था। दूसरी ओर गुजरात को लगातार दो मैचों में आरसीबी और मुंबई इंडियंस से हार झेलनी पड़ी है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि चेन्नई शुरुआती झटकों से उबरकर बड़ा स्कोर खड़ा कर पाती है या नहीं।

Related Articles

Back to top button