Reel बनाने के दौरान दर्दनाक हादसा: नदी में छलांग लगाने के बाद युवक की मौत, 48 घंटे चला सर्च ऑपरेशन

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। कुसमुंडा थाना क्षेत्र स्थित अहिरन नदी में छलांग लगाने के बाद एक युवक गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय निखिल सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने और वीडियो शूट करने गया था। इसी दौरान रील बनाने के लिए उसने नदी में छलांग लगाई, लेकिन कुछ ही सेकंड में हादसा हो गया।

मोबाइल में रिकॉर्ड हो रहा था पूरा वीडियो

जानकारी के मुताबिक निखिल अपने तीन दोस्तों के साथ अहिरन नदी पहुंचा था। सभी युवक नदी में नहाते हुए मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। इसी बीच निखिल ने कैमरे के सामने नदी में छलांग लगा दी।

वीडियो में देखा जा सकता है कि छलांग लगाने के बाद वह पानी में हाथ-पैर मारता नजर आता है। शुरुआत में दोस्तों को लगा कि वह सामान्य रूप से तैर रहा है, लेकिन कुछ देर बाद वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जब तक दोस्त कुछ समझ पाते, तब तक वह नदी में लापता हो चुका था।

48 घंटे चला सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। युवक की तलाश के लिए करीब 48 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद नदी से उसका शव बरामद किया गया।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं इलाके में भी इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।

सोशल मीडिया के लिए जान जोखिम में न डालें

इस हादसे ने एक बार फिर सोशल मीडिया रील्स और वीडियो बनाने के बढ़ते क्रेज पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रील या वीडियो बनाने के लिए खतरनाक जगहों पर स्टंट न करें और अपनी जान जोखिम में न डालें।

Related Articles

Back to top button