मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप के लिए आवेदन का आज आखिरी मौका, हर महीने मिलेंगे ₹50 हजार

रायपुर। तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप 2026 के तहत ट्रिपलआईटी (IIIT) नवा रायपुर में संचालित एमटेक (डाटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का आज (मंगलवार) अंतिम दिन है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर इस विशेष फेलोशिप योजना का लाभ उठा सकते हैं।
इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 1 जुलाई निर्धारित की गई थी, जिसे बढ़ाकर आज तक कर दिया गया था। ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास आवेदन का यह अंतिम अवसर है।
हर महीने मिलेगी ₹50 हजार की फेलोशिप
मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप 2026 के तहत चयनित विद्यार्थियों को प्रति माह 50,000 रुपये की फेलोशिप प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही एमटेक पाठ्यक्रम की पूरी ट्यूशन फीस राज्य सरकार वहन करेगी, जिससे छात्रों को आर्थिक सहायता के साथ गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
सरकारी लाइव प्रोजेक्ट्स पर काम करने का अवसर
यह फेलोशिप केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है। चयनित विद्यार्थियों को अध्ययन के दौरान राज्य शासन के विभिन्न विभागों के लाइव प्रोजेक्ट्स पर काम करने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें डिजिटल गवर्नेंस, डाटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा।
आधुनिक तकनीकों में विशेषज्ञ बनने का मौका
एमटेक (डाटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उभरती तकनीकों में दक्ष बनाना है। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल, अनुसंधान और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे वे सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में बेहतर करियर बना सकेंगे।
पात्रता और आवेदन की जानकारी
फेलोशिप, पात्रता, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य आवश्यक जानकारी के लिए अभ्यर्थी IIIT नवा रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर विस्तृत विवरण देख सकते हैं। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए 0771-2474048 और 0771-2474182 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप 2026 को राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को उच्च शिक्षा, शोध, तकनीकी नवाचार और सरकारी परियोजनाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए आज आवेदन का अंतिम अवसर है।



