छत्तीसगढ़ सरकार ने बदली बकरीद की छुट्टी की तारीख, अब 28 मई को रहेगा सार्वजनिक अवकाश


Raipur: छत्तीसगढ़ सरकार ने ईद-उल-जुहा (बकरीद) की सार्वजनिक छुट्टी की तारीख में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी नई अधिसूचना के अनुसार अब बकरीद का सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश 27 मई 2026 की जगह 28 मई 2026, गुरुवार को रहेगा।
राज्य शासन ने यह फैसला पूर्व में जारी अधिसूचना में आंशिक संशोधन करते हुए लिया है।
पहले 27 मई को घोषित थी छुट्टी
सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना क्रमांक GENS-1001/86/2025-GAD-5 दिनांक 06 नवंबर 2025 के तहत वर्ष 2026 के लिए सार्वजनिक और सामान्य अवकाश घोषित किए गए थे। इसमें ईद-उल-जुहा (बकरीद) के लिए 27 मई 2026, बुधवार को अवकाश तय किया गया था।
हालांकि अब राज्य सरकार ने नई अधिसूचना जारी कर छुट्टी की तारीख बदल दी है।
28 मई को रहेगा सार्वजनिक अवकाश
26 मई 2026 को जारी नई अधिसूचना में कहा गया है कि बकरीद का पर्व अब 28 मई 2026, गुरुवार को मनाया जाएगा। इसके चलते उसी दिन पूरे प्रदेश में सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश रहेगा।
यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश
यह आदेश सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका ऋषि पाण्डेय द्वारा जारी किया गया। अधिसूचना की प्रतिलिपि शासन के सभी विभागों, संभागायुक्तों, कलेक्टरों, जिला पंचायतों, उच्च न्यायालय, विधानसभा सचिवालय और अन्य विभागों को भेजी गई है।
साथ ही जनसंपर्क संचालनालय को निर्देश दिए गए हैं कि अधिसूचना को राज्य सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर तत्काल अपलोड किया जाए।
सरकारी दफ्तर, स्कूल और बैंक रहेंगे बंद
नई अधिसूचना के अनुसार 28 मई को राज्य के सभी सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान और कई सार्वजनिक संस्थान बंद रहेंगे। छुट्टी की तारीख बदलने के बाद विभिन्न विभागों ने भी अपने कार्यक्रमों और कार्यसूची में संशोधन शुरू कर दिया है।



