सितंबर की शुरुआत बारिश से, 5 दिन तक भारी बारिश का अलर्ट; जानें रायपुर समेत जिलों का हाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सितंबर महीने की शुरुआत बारिश के साथ होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश में 30 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का दौर 3 सितंबर तक सक्रिय रहने की संभावना है।
मानसून सीजन में अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 4 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अब मानसूनी गतिविधियों के और तेज होने की संभावना है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 30 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में आकाशीय बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर समेत अन्य जिले शामिल हैं।
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने और गरज-चमक के समय खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
शंकरगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 29 अगस्त को शंकरगढ़ में सबसे ज्यादा 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा ओडगी में 4 सेमी, करतला में 3 सेमी बारिश हुई।
वहीं छुरा, लटोरी, सूरजपुर, डोंगरगांव, कुसमी और छाल में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। महासमुंद, पोंडी बचरा, कोरबा, भैसमा, मरीं बंगला देवरी, लाल बहादुर नगर, सोनहत, माना-रायपुर एयरपोर्ट, राजपुर और बैकुंठपुर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
3 सितंबर तक सक्रिय रह सकता है मानसून
बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र के कारण छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां आने वाले दिनों में बढ़ सकती हैं। 30 अगस्त से 3 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
मानसून सीजन में सामान्य से कम बारिश के बीच इस सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की स्थिति में सुधार आने की उम्मीद है।



