रायपुर में सनसनीखेज वारदात: पत्नी और दो बच्चों की चाकू से हत्या, आरोपी पति ने भी किया आत्महत्या का प्रयास

रायपुर। राजधानी रायपुर के डुमरतराई स्थित साहू पारा में देर रात एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से सनसनी फैल गई। चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पत्नी और दो बच्चों पर किया चाकू से हमला

घटना माना थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, साहू पारा में किराए के मकान में रहने वाले बालोद निवासी भुनेश्वर साहू का देर रात अपनी पत्नी के साथ विवाद हुआ। इसी दौरान उसने पत्नी खिलेश्वरी साहू और दो बच्चों आशीष साहू (10) व ज्ञान साहू (8) पर धारदार चाकू से हमला कर दिया।

हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिया और आत्महत्या का प्रयास किया।

आरोपी अस्पताल में भर्ती

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी का अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है। घटनास्थल को सील कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों तथा विवाद की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button