छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने CM साय से की मुलाकात, योग के व्यापक प्रचार-प्रसार पर हुई चर्चा

रायपुर, 19 जून 2026। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष Sanjay Agrawal ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें योग आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा का अभिन्न हिस्सा है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने प्रदेश में योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को योग से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुलाकात के दौरान प्रदेश में योग के संवर्धन, जनजागरूकता और योग संबंधी गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री संजय अग्रवाल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ योग आयोग प्रदेशभर में योग के प्रचार-प्रसार और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि तनावमुक्त और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने आयोग से समाज के विभिन्न वर्गों को योग से जोड़ने और नियमित योग अभ्यास के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सक्रिय पहल करने का आह्वान किया।


