अब ATM से मिलेगा राशन, लंबी कतार से मिलेगी राहत; रायपुर समेत 3 शहरों में शुरू हुई सुविधा

Ration from ATM: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। अब राशन कार्डधारियों को उचित मूल्य की दुकानों पर लंबी कतार में लगने की जरूरत नहीं होगी। प्रदेश में ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से पात्र हितग्राही बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद मशीन से सीधे अपना निर्धारित राशन प्राप्त कर सकेंगे।
24 घंटे मिल सकेगा चावल
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के जरिए राशन कार्डधारी अपनी सुविधा के अनुसार 24 घंटे चावल प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए मशीन की स्क्रीन पर आधार नंबर या राशन कार्ड नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण पूरा होने पर मशीन निर्धारित मात्रा में चावल उपलब्ध कराएगी।
इस व्यवस्था से उचित मूल्य की दुकानों में लगने वाली भीड़ और लंबी कतारों से राहत मिलने के साथ ही हितग्राहियों के समय की भी बचत होगी।
‘वन नेशन, वन राशनकार्ड’ के तहत दूसरे राज्यों के लोगों को भी लाभ
ग्रेन एटीएम की एक खास सुविधा यह है कि केवल छत्तीसगढ़ के राशन कार्डधारी ही नहीं, बल्कि ‘वन नेशन, वन राशनकार्ड’ योजना के तहत दूसरे राज्यों के पात्र हितग्राही भी बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे।
इससे प्रवासी श्रमिकों और छत्तीसगढ़ में रहने वाले अन्य राज्यों के राशन कार्डधारियों के लिए भी राशन प्राप्त करना आसान होगा।
छत्तीसगढ़ बना ग्रेन एटीएम शुरू करने वाला पांचवां राज्य
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम फिलहाल उत्तराखंड, मेघालय, गुजरात और ओडिशा में संचालित हो रहे हैं। अब छत्तीसगढ़ भी इस सुविधा को लागू करने वाला देश का पांचवां राज्य बन गया है। प्रदेश के तीन शहरों में ग्रेन एटीएम की शुरुआत को PDS में तकनीक और नवाचार के उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
2500 किलो तक चावल रखने की क्षमता
वर्ल्ड फूड प्रोग्राम के सहयोग से स्थापित अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की भंडारण क्षमता करीब 2500 किलोग्राम है। मशीन में चावल की लोडिंग स्वचालित प्रणाली के माध्यम से की जाएगी। हितग्राही के बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद मशीन निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराएगी।
इससे राशन वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने और खाद्यान्न वितरण की बेहतर निगरानी में भी मदद मिलेगी।
खाद्य मंत्री बोले- समय और भीड़ दोनों की होगी बचत
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश की PDS व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और जनसुविधा केंद्रित बनाने के लिए लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि अब हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय राशन प्राप्त कर सकेंगे। इससे उचित मूल्य दुकानों में भीड़ और कतार की समस्या कम होने के साथ लोगों के समय की भी बचत होगी।
PDS को मिलेगी नई तकनीकी मजबूती
ग्रेन एटीएम के शुरू होने से छत्तीसगढ़ की राशन वितरण व्यवस्था को अधिक आधुनिक, सुरक्षित, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी। बायोमेट्रिक आधारित यह व्यवस्था पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने के साथ PDS में पारदर्शिता और निगरानी को भी मजबूत करेगी।
वर्ल्ड फूड प्रोग्राम की प्रतिनिधि नजी़नो हॉसीमोनी ने इस नवाचार के लिए छत्तीसगढ़ सरकार को बधाई दी। उन्होंने इसे पारदर्शी और प्रभावी सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



