रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव 12 अक्टूबर को रायपुर आएंगे, रेलवे स्टेशन से आयोजन स्थल तक तैयारियां तेज

Raipur Railway Station News: रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव 12 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रेलवे स्टेशन से लेकर डब्ल्यूआरएस मैदान स्थित आयोजन स्थल तक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। अधिकारियों की टीम स्टेशन और आयोजन स्थल का लगातार निरीक्षण कर रही है, ताकि कहीं भी अव्यवस्था नजर न आए।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 42वें स्थापना दिवस समारोह में रेलमंत्री शामिल होंगे। पहले उनके 9 अक्टूबर को रायपुर आने का कार्यक्रम बताया गया था, लेकिन अब दौरे की तारीख बढ़ाकर 12 अक्टूबर कर दी गई है। समारोह को लेकर डब्ल्यूआरएस मैदान में रोजाना परेड की रिहर्सल चल रही है।
रेलवे स्टेशन को चमकाने में जुटा अमला
रेलमंत्री के दौरे से पहले रायपुर रेलवे स्टेशन को पूरी तरह तैयार किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 7 तक साफ-सफाई और रंग-रोगन समेत अन्य काम तेजी से चल रहे हैं। स्टेशन की सीढ़ियों और आसपास के हिस्सों में जंग लगी जालियों को दुरुस्त किया जा रहा है।
रेल पटरियों की भी सफाई और मरम्मत की जा रही है। पुराने चूलों और जमी गंदगी को हटाकर पटरियों की मरम्मत के साथ अलकतरा लगाने का काम किया जा रहा है। रेलवे का प्रयास है कि स्टेशन परिसर में यात्रियों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित माहौल दिखाई दे।
नए फुटओवरब्रिज के पास लिफ्ट का काम तेज
प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर नए फुटओवरब्रिज के पास लिफ्ट लगाने का काम भी तेजी से चल रहा है। क्रेन के जरिए निर्माण कार्य किए जाने के कारण यात्रियों के आवागमन के लिए जगह कुछ सीमित हो गई है। ट्रेन आने के समय यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर यहां परेशानी भी हो रही है।
खमतराई ओवरब्रिज के दोनों तरफ पर्दादारी
रेलवे स्टेशन से आयोजन स्थल तक पूरे मार्ग को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। डीआरएम कार्यालय से लेकर आयोजन स्थल तक साज-सज्जा का काम चल रहा है। खमतराई ओवरब्रिज के दोनों तरफ रंगीन पर्दे लगाने के लिए बांस-बल्लियां लगाई जा रही हैं।
रेलवे इंस्टीट्यूट के पास से आयोजन स्थल तक जाने वाले मार्ग पर सीसी रोड का काम पूरा हो चुका है। मैदान के आसपास मुरुम की सड़कें भी तैयार की जा रही हैं। रेलमंत्री के रिहर्सल निरीक्षण को देखते हुए आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आरपीएफ जवानों की परेड रिहर्सल जारी
आरपीएफ के 42वें स्थापना दिवस समारोह को यादगार बनाने के लिए जवानों की परेड रिहर्सल लगातार जारी है। समारोह में बड़ी संख्या में आरपीएफ जवानों की भागीदारी रहेगी। सुरक्षा और आयोजन व्यवस्था को लेकर रेलवे के अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
शहर में आरपीएफ बैंड की प्रस्तुतियां
स्थापना दिवस समारोह के तहत आरपीएफ की बैंड पार्टी शहर के अलग-अलग स्थानों पर संगीतमय प्रस्तुतियां दे रही है। मंगलवार को भाठागांव बस स्टैंड में आरपीएफ बैंड ने देशभक्ति और लोकप्रिय गीतों की धुनें प्रस्तुत कीं, जिसे लोगों ने खूब सराहा। इससे पहले एनआईटी रायपुर के मुख्य गेट के पास भी बैंड की प्रस्तुति हुई।
7 अक्टूबर को तेलीबांधा (मरीन ड्राइव) में शाम 4:30 से 5:30 बजे तक आरपीएफ के ब्रास और पाइप बैंड की विशेष प्रस्तुति होगी। स्थापना दिवस समारोह से पहले इन प्रस्तुतियों के जरिए रेलवे सुरक्षा बल शहरवासियों से भी जुड़ रहा है।



