रायपुर में आज शाम नहीं होगी पानी की सप्लाई, पाइपलाइन मरम्मत के चलते 6 घंटे शटडाउन


रायपुर, 10 अप्रैल: राजधानी रायपुर के लोगों को शुक्रवार शाम पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा। नगर निगम द्वारा पाइपलाइन मरम्मत कार्य के चलते करीब 6 घंटे का शटडाउन लिया जाएगा, जिससे शहर के बड़े हिस्से में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
जानकारी के अनुसार, निगम की मेन राइजिंग पाइपलाइन, जो सीधे फिल्टर प्लांट से जुड़ी है, उसमें दो स्थानों पर लीकेज पाया गया है। इस समस्या को ठीक करने के लिए जल विभाग द्वारा मरम्मत कार्य किया जाएगा।
निगम के फिल्टर प्लांट के कार्यपालन अभियंता नरसिंह फरेन्द्र ने बताया कि 150 एमएलडी क्षमता वाले फिल्टर प्लांट को मरम्मत के दौरान बंद रखा जाएगा। इसके चलते शहर की 11 पानी टंकियों से होने वाली जल आपूर्ति प्रभावित होगी।
यह मरम्मत कार्य पचपेड़ीनाका और तेलीबांधा थाना के सामने स्थित पाइपलाइन खंड में किया जाएगा। सुबह की नियमित जलापूर्ति के बाद कार्य शुरू होगा, जिसके चलते शाम के समय लगभग दो लाख की आबादी को नलों में पानी नहीं मिलेगा।
निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुबह के समय ही आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण कर लें, ताकि शाम को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



