छत्तीसगढ़ में ISI कनेक्शन का खुलासा: अकलतरा से संदिग्ध एजेंट गिरफ्तार, IB और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। खुफिया ब्यूरो (आईबी) और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अकलतरा से एक संदिग्ध आईएसआई एजेंट को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान पंजाब निवासी 26 वर्षीय सेवक सिंह पिता बलविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो अकलतरा स्थित जेएसडब्ल्यू प्लांट में काम की तलाश में आया था और वहीं कार्यरत था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी प्लांट में काम करने की आड़ में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े लोगों के संपर्क में था। खुफिया इनपुट मिलने के बाद आईबी और स्थानीय पुलिस ने उस पर लंबे समय तक गोपनीय निगरानी रखी। पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद उसे अकलतरा स्थित उसके किराए के मकान से हिरासत में लिया गया।

किरायेदार सत्यापन के दौरान हुआ खुलासा

पुलिस को सूचना मिली थी कि अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक मकान में बाहरी राज्यों के कई लोग किराए पर रह रहे हैं। सत्यापन अभियान के दौरान सेवक सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पूछताछ में उसके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की।

जांच में सामने आया कि आरोपी पाकिस्तान, सऊदी अरब और मैक्सिको के कई संदिग्ध नंबरों के संपर्क में था। मोबाइल फोन से वॉट्सऐप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी बरामद हुए हैं।

सोशल मीडिया के जरिए विदेशी संपर्क

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी वॉट्सऐप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विदेशी नंबरों और आईएसआई समर्थित नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में था। सुरक्षा एजेंसियां अब उसके संपर्क सूत्रों और संभावित सहयोगियों की पहचान में जुटी हैं।

ड्रोन से हथियार पहुंचाने की थी योजना

जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराए जाने की योजना थी। हथियार मिलने के बाद उसे संचालकों द्वारा दिए गए लक्ष्यों पर हमला करने या टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इन दावों की पुष्टि विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया मोबाइल

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और संभावित मॉड्यूल की पड़ताल की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला मानकर जांच आगे बढ़ा रही हैं।

एसपी ने क्या कहा?

जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर आईबी और स्थानीय पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। मामले की जांच जारी है और फिलहाल सुरक्षा कारणों से अधिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती।

Related Articles

Back to top button