भारत ने शूटिंग में जीता गोल्ड, 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में कमलजीत-सुरुचि की जोड़ी का कमाल

एशियन गेम्स 2026 में भारत ने शूटिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीत लिया है। भारतीय जोड़ी कमलजीत और सुरुचि ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने दक्षिण कोरिया और ईरान की जोड़ियों को पीछे छोड़ा।
यह एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग में भारत का पहला गोल्ड मेडल है। भारतीय जोड़ी ने पूरे फाइनल के दौरान लगातार मजबूत प्रदर्शन किया और आखिरी सीरीज में 484.6 अंक के स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।
छह सीरीज में ऐसा रहा भारतीय जोड़ी का प्रदर्शन
10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में कमलजीत और सुरुचि ने पहली सीरीज में 103 अंक हासिल किए। दूसरी सीरीज में उनका स्कोर 99.4 रहा। तीसरी सीरीज के बाद भारतीय जोड़ी का कुल स्कोर 303.5 अंक हो गया।
इसके बाद चौथी सीरीज में स्कोर 364.7, पांचवीं सीरीज में 424.9 और छठी तथा आखिरी सीरीज में 484.6 अंक तक पहुंच गया। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।
दक्षिण कोरिया को सिल्वर, ईरान ने जीता ब्रॉन्ज
फाइनल में दक्षिण कोरिया ने 478 अंक के साथ सिल्वर मेडल जीता। वहीं, ईरान ने 415 अंक के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
दक्षिण कोरिया की टीम में चू गाया भी शामिल थीं। उन्होंने इससे पहले महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था। इस इवेंट में भारत की मनु भाकर पांचवें स्थान पर रही थीं।
भारत पदक तालिका में 12वें स्थान पर पहुंचा
इस गोल्ड मेडल के साथ भारत की कुल पदक संख्या 19 हो गई है। इनमें 2 गोल्ड, 8 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत पदक तालिका में 18वें स्थान से बढ़कर 12वें स्थान पर पहुंच गया है।
पदक तालिका में चीन 85 गोल्ड समेत 135 पदकों के साथ शीर्ष पर है। जापान 21 गोल्ड के साथ दूसरे और दक्षिण कोरिया 11 गोल्ड के साथ तीसरे स्थान पर है। कजाकिस्तान के खाते में 8 गोल्ड, जबकि उज्बेकिस्तान ने 6 गोल्ड मेडल जीते हैं।



