जोरहाट में बेटे पर माता-पिता के लॉकर से 50 लाख और सोने के गहने चोरी करने का आरोप, गर्लफ्रेंड पर खर्च किए पैसे

जोरहाट। असम के जोरहाट से चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर अपने ही माता-पिता के घर के लॉकर से करीब 50 लाख रुपए नकद और सोने के गहने चोरी करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक यश धनुका को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चोरी किए गए कुछ गहने बेचकर मिले पैसों को अपनी गर्लफ्रेंड पर खर्च किया।

माता-पिता के घर से बाहर जाने पर की चोरी

जानकारी के मुताबिक, यश के माता-पिता कुछ समय के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान कथित तौर पर उसने घर में रखे लॉकर से नकदी और सोने के गहने निकाल लिए। जब माता-पिता वापस लौटे तो लॉकर में रखा सामान गायब मिला।

इसके बाद युवक के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ कि चोरी में किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ हो सकता है, जिसे घर और लॉकर के बारे में पूरी जानकारी थी। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने यश को गिरफ्तार कर लिया।

गर्लफ्रेंड पर खर्च किए चोरी के पैसे

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चोरी किए गए कुछ सोने के गहने बेच दिए थे। आरोप है कि गहने बेचने से मिले पैसों का इस्तेमाल उसने अपनी गर्लफ्रेंड पुबाली दत्ता के साथ घूमने-फिरने और उसे महंगे गिफ्ट देने में किया।

जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी के दौरान पुबाली के आरोपी युवक के घर आने की जानकारी मिली है। हालांकि, पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि उसे चोरी की जानकारी पहले से थी या नहीं। मामले में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।

गहने बेचने में दो पत्रकारों की भूमिका की भी जांच

मामले की जांच अब अन्य लोगों तक भी पहुंच गई है। पुलिस को शक है कि चोरी किए गए सोने के गहनों को बेचने में दो पत्रकारों ने कथित तौर पर मदद की। पुलिस दोनों की भूमिका की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गहने कहां और किसके जरिए बेचे गए।

पुलिस चोरी हुए बाकी नकदी और गहनों की बरामदगी के लिए भी प्रयास कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि क्या इस वारदात में यश के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।

बेटे पर चोरी का आरोप लगने से परिवार हैरान

अपने ही बेटे पर घर से लाखों रुपए और गहने चोरी करने का आरोप लगने से परिवार को बड़ा झटका लगा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच में चोरी किए गए सामान की बरामदगी के साथ-साथ आरोपियों की भूमिका और गहने बेचने के पूरे नेटवर्क का पता लगाने पर भी फोकस किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी का बाकी सामान कहां है और इस पूरी वारदात में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।

Related Articles

Back to top button