रायपुर में राशन व्यवस्था पर युद्ध का असर, LPG संकट के बीच केरोसिन की किल्लत से बढ़ी परेशानी


रायपुर | अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध के प्रभाव का असर अब छत्तीसगढ़ की राशन व्यवस्था पर भी देखने को मिल रहा है। एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने के बीच अब केरोसिन की उपलब्धता भी बाधित हो गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राज्य सरकार द्वारा शासकीय उचित मूल्य दुकानों में प्रत्येक राशन कार्ड धारक को 2-2 लीटर केरोसिन वितरण करने का आदेश जारी किया गया है। इसके लिए करीब 240 किलोलीटर केरोसिन का आवंटन भी किया गया है। इस पहल का उद्देश्य घरेलू गैस उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाना है, ताकि वे वैकल्पिक ईंधन का उपयोग कर सकें।
हालांकि, जमीनी स्तर पर स्थिति संतोषजनक नहीं है। मार्च माह समाप्त होने के बाद भी अधिकांश उचित मूल्य दुकानों तक केरोसिन की आपूर्ति नहीं पहुंच सकी है। गिने-चुने दुकानों में ही इसका भंडारण किया गया है, जिसके चलते बड़ी संख्या में हितग्राही बिना केरोसिन लिए ही वापस लौटने को मजबूर हैं।
इधर, कमर्शियल गैस सिलेंडर को लेकर गैस एजेंसियों में अब भी भीड़ देखी जा रही है। हालांकि, प्रशासन का दावा है कि स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और आपूर्ति में सुधार के प्रयास जारी हैं।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द सभी उचित मूल्य दुकानों में केरोसिन की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



