रायगढ़ में अवैध पोस्ता खेती का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी


रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवीन घाटगांव में अवैध पोस्ता खेती की सूचना पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस, एसडीएम, तहसीलदार और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत का निरीक्षण किया, जहां लगभग 2 डिसमिल भूमि पर पोस्ता की फसल उगाई जा रही थी।
टीम ने मौके पर ही अवैध फसल को उखाड़कर नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने साधराम नागवंशी और अभिमन्यु नागवंशी नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो उक्त भूमि पर अवैध खेती में संलिप्त पाए गए। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की पूछताछ जारी
इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों, फसल के स्रोत और उद्देश्य को लेकर पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि अवैध अफीम और पोस्ता की खेती पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
जिले में बढ़ते अवैध अफीम खेती के मामले
यह मामला जिले में अवैध अफीम खेती के बढ़ते मामलों का हिस्सा है। कुछ समय पहले तमनार क्षेत्र में भी इसी प्रकार की कार्रवाई की गई थी। अब लैलूंगा क्षेत्र में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के उजागर होने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की योजना बनाई है।
प्रशासन ने यह चेतावनी दी है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों से निपटने के लिए वे पूरी तरह से तैयार हैं और किसी भी तरह की अपराधी गतिविधियों को सहन नहीं किया जाएगा।



