अग्निवीर भर्ती के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण, जल्द करें आवेदन; छात्रवृत्ति व परीक्षा से जुड़ी अहम तिथियां जारी


रायपुर। अग्निवीर भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायपुर द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 4 मई से 4 जून 2026 तक चलेगा।
अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी से 10 अप्रैल तक पूरी हो चुकी है। अब आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए यह विशेष कोचिंग दी जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार विभाग के पोर्टल “ई-रोजगार डॉट सीजी डॉट जीओवी डॉट इन” या “छत्तीसगढ़ रोजगार एप” के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह प्रशिक्षण जिला और विकासखंड स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के अनुसार ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में आयोजित किया जाएगा। किसी भी समस्या की स्थिति में अभ्यर्थी रोजगार कार्यालय रायपुर से संपर्क कर सकते हैं।
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति: अंतिम तिथियां घोषित
शिक्षा सत्र 2025-26 के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 12वीं से उच्चतर) की प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित की जा रही है। आवेदन, स्वीकृति और वितरण की पूरी प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट के माध्यम से की जा रही है।
- लंबित प्रस्ताव लॉक कर भेजने की अंतिम तिथि: 18 अप्रैल
- स्वीकृति आदेश लॉक करने की अंतिम तिथि: 20 अप्रैल
- राज्य कार्यालय को भुगतान प्रस्ताव भेजने की अंतिम तिथि: 22 अप्रैल
छात्रवृत्ति के लिए पात्रता में आय सीमा निर्धारित की गई है—
SC/ST वर्ग के लिए 2.50 लाख रुपये वार्षिक और OBC वर्ग के लिए 1 लाख रुपये वार्षिक। इसके साथ स्थायी जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र और पिछली परीक्षा का परिणाम आवश्यक दस्तावेज हैं।
कोर्ट मैनेजर परीक्षा 19 अप्रैल को
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित कोर्ट मैनेजर (मुख्य) परीक्षा 2025 का आयोजन 19 अप्रैल को किया जाएगा। परीक्षा रायपुर के विभिन्न केंद्रों में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी।
अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।



