कोरिया में हाथियों का कहर: सड़क निर्माण में लगे दो मजदूरों को कुचलकर मार डाला, टाइगर रिजर्व क्षेत्र में हुई घटना


बैकुंठपुर। सरगुजा संभाग में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कोरिया जिले के गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र में रविवार देर रात हाथियों के हमले में सड़क निर्माण कार्य में लगे दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मजदूर सड़क किनारे सो रहे थे, तभी हाथियों के दल ने उन पर हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कोरिया जिले के रामगढ़ से कोटाडोल तक करीब 27 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। इस परियोजना में बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे हैं। मृतकों की पहचान एमसीबी जिले के ग्राम नगर निवासी 22 वर्षीय गौरव और 35 वर्षीय अमर के रूप में हुई है।
रात में सो रहे थे मजदूर, तभी पहुंचा हाथियों का दल
बताया जा रहा है कि रविवार को काम खत्म करने के बाद सभी मजदूरों ने भोजन किया और ग्राम देवशील के पास सड़क किनारे चादर बिछाकर सो गए। रात करीब 11:30 बजे हाथियों का एक दल वहां पहुंच गया। अचानक हाथियों को देखकर मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।
अन्य मजदूर किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन गौरव और अमर हाथियों की चपेट में आ गए। गुस्साए हाथियों ने दोनों को कुचल दिया।
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हाथियों के हमले में गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अमर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने शवों का पंचनामा कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
बढ़ रही मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं
सरगुजा और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों और मजदूरों में भय का माहौल है। वन विभाग लोगों से सतर्क रहने और रात के समय जंगल से लगे क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।



